बीजापुर में 02 करोड़ की लूट की कहानी फर्जी निकला, कर्ज से बचने लूट की झूठी कहानी रची

WhatsApp Channel Join Now
बीजापुर में 02 करोड़ की लूट की कहानी फर्जी निकला, कर्ज से बचने लूट की झूठी कहानी रची


बीजापुर, 11 नवंबर (हि.स.)। जिले के नेलसनार थाना क्षेत्र अंतर्गत पांडे मुर्गा चौक के पास नेशनल हाईवे-63 पर करीब दो करोड़ रुपये के सोने-चांदी और नकदी की सनसनीखेज लूट की सूचना आखिरकार फर्जी निकली।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि कर्ज के भारी दबाव से बचने के लिए ज्वेलरी कारोबारी स्वरूप सोनी ने लूट की पूरी कहानी गढ़ी थी। हैरानी की बात यह है कि कथित लूट में शामिल बताए गए दो अन्य लोगों को भी इस मनगढ़ंत कहानी में शामिल किया गया था। पुलिस ने 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच, 16 घंटे की नाकेबंदी और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की परतें खोल दीं।

पुलिस के अनुसार 09 नवंबर को गीदम निवासी एवं भैरमगढ़ में ज्वेलरी दुकान संचालित करने वाले कारोबारी स्वरूप सोनी ने नेलसनार थाने पहुंचकर लूट की सूचना दी थी। उसने बताया कि वह तूफान वाहन में चालक देवेंद्र ठाकुर और कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ के साथ भैरमगढ़ से गीदम लौट रहा था। शाम करीब 06 बजे पांडे मुर्गा के आस-पास नेशनल हाईवे-63 पर जंगल की ओर से आए तीन अज्ञात लोगों ने पिस्टल और चाकूनुमा हथियार दिखाकर उन्हें रोक लिया। इसके बाद बैग में रखे करीब दो करोड़ रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और तीनों के मोबाइल फोन लूटकर आरोपी जंगल की ओर भाग गए।

बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने आज बुधवार काे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि तत्काल तीन विशेष टीमों का गठन किया था। सरहदी जिलों और राज्य की सीमाओं पर नाकेबंदी कराई गई। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आस-पास के इलाकों के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले तथा करीब 16 घंटे तक लगातार नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की। जांच के दौरान कथित रूप से लूटे गए तीनों मोबाइल फोन की लोकेशन हाईवे से लगे जंगल में मिली। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो तीनों मोबाइल एक ही स्थान पर एक साथ सुरक्षित और चालू हालत में बरामद हुए। इस घटनाक्रम ने पुलिस के संदेह को और गहरा कर दिया।

इसके बाद पुलिस ने कथित पीड़ितों की पृष्ठभूमि खंगालनी शुरू की और तीनों से अलग-अलग पूछताछ की। तकनीकी साक्ष्यों और बयानों में विरोधाभास सामने आने पर पुलिस ने जांच की दिशा बदल दी। पुलिस जांच में सामने आया कि ज्वेलरी कारोबारी स्वरूप सोनी पर भारी कर्ज था और कर्ज चुकाने के लिए लगातार दबाव बनाया जा रहा था। वह फिलहाल कर्ज चुकाने की स्थिति में नहीं था। पुलिस के पुख्ता साक्ष्यों के सामने आखिरकार व्यापारी टूट गया और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि कर्ज से बचने के लिए उसने लूट की झूठी कहानी रची थी।

पुलिस के अनुसार इसी दबाव से बचने के लिए उसने दो करोड़ रुपये की लूट की मनगढ़ंत कहानी तैयार की और इसमें अपने साथ मौजूद कपड़ा व्यापारी ललित बुरड़ तथा तूफान वाहन चालक देवेंद्र ठाकुर को भी शामिल कर लिया। लगातार पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के सामने आने के बाद व्यापारी ने कथित लूट की सूचना को झूठा और मनगढ़ंत बताया।

बीजापुर एसपी उमेश प्रसाद गुप्ता ने आम नागरिकों से अपील की है कि पुलिस को गुमराह करने अथवा किसी घटना की झूठी सूचना देने का प्रयास न करें। इस तरह की झूठी रिपोर्ट देना आपराधिक कृत्य है और ऐसा करने वालों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की जा सकती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775535 Articles

Share this story