सड़क पर उतरे ग्रामीण व भाजपाई, 150 से अधिक हाइवा लौटाए

WhatsApp Channel Join Now
सड़क पर उतरे ग्रामीण व भाजपाई, 150 से अधिक हाइवा लौटाए


धमतरी, 10 सितंबर (हि.स.)। जिले में वर्षाकाल शुरू होने के बाद 10 जून से सभी रेत खदानें बंद हैं। वहीं रेत भंडारण केंद्रों से भी स्टॉक समाप्त होने के बावजूद अवैध उत्खनन और परिवहन का आरोप लगाते हुए ग्रामीणों ने खनिज विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं। कार्रवाई नहीं होने से नाराज ग्रामीणों और भाजपाइयों ने बुधवार रात कोलियारी के पास मोर्चा संभाल लिया। रेत लेकर जाने वाले हाइवा वाहनों को एक-एक कर रोकते हुए बिना रेत के वापस लौटाया गया।

कोलियारी-खरेंगा सड़क संघर्ष समिति के संयोजक हिरेन्द्र साहू ने गुरुवार काे बताया कि करीब 150 से अधिक हाइवा वाहनों को लौटाया गया, जिसके चलते रात में क्षेत्र से रेत का परिवहन नहीं हो सका। बीती रात ग्राम कोलियारी में बड़ी संख्या में ग्रामीण और भाजपाई एकत्र हुए। कोलियारी चौक से दानीटोला चौक तक हाइवा वाहनों की लंबी कतार लग गई।

जानकारी के अनुसार हाइवा रोके जाने की सूचना पर नायब तहसीलदार दुर्गेश तंवर और दीपेश साव मौके पर पहुंचे तथा आक्रोशित ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया। ग्रामीणों का कहना है कि भारी वाहनों की लगातार आवाजाही से क्षेत्र की सड़कें खराब हो रही हैं। जब रेत खदानें बंद हैं और भंडारण केंद्रों में भी रेत उपलब्ध नहीं है, तो रात के समय बड़ी संख्या में हाइवा आखिर रेत लेने कहां जा रहे हैं, यह जांच का विषय है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सारंगपुरी, अमेठी, खरेंगा और दर्री क्षेत्र में अवैध रेत उत्खनन का खेल चल रहा है, लेकिन खनिज विभाग की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है।

कोलियारी-खरेंगा सड़क संघर्ष समिति के संयोजक हिरेन्द्र साहू, दयाराम साहू, भाजपा नेता ऋषभ देवांगन, सरपंच संघ अध्यक्ष हिमांशु साहू, हेमंत चंद्राकर, उपसरपंच निरंजन साहू, जनपद सदस्य गीतेश्वरी साहू, भगवती विश्वकर्मा, देवधर देवांगन, गोल्डी देवांगन, निर्मल ध्रुव, गौतम साहू, शंकर साहू, गगनदीप साहू, लवन किशोर साहू और कुंदन साहू सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व भाजपाई मौजूद रहे।

कांग्रेसियों ने भी पहले रोके थे हाइवा: 26 अगस्त को शहर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी ने कुछ कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ दानीटोला चौक पहुंचकर रेत से भरे हाइवा वाहनों को रोककर पीटपास की जांच की थी। बताया गया कि किसी वाहन में पीटपास नहीं मिला। इसके बाद आठ सितंबर को ब्लाक शहर कांग्रेस अध्यक्ष योगेश शर्मा और गौतम वाधवानी ने कलेक्टोरेट पहुंचकर अवैध रेत भंडारण के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य मोनिका देवांगन ने भी खनिज अधिकारी से अवैध रेत उत्खनन को लेकर नाराजगी जताई थी। उनका कहना है कि यदि ग्रामीणों को खुद सड़क पर उतरकर हाइवा रोकने पड़ रहे हैं तो खनिज विभाग की जिम्मेदारी पर सवाल उठना स्वाभाविक है। ग्रामीणों ने अवैध उत्खनन और परिवहन की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई करने तथा क्षेत्र की सड़कों को भारी वाहनों से होने वाले नुकसान से बचाने की मांग की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story