राजधानी में दाे पक्षाें के बीच चले लाठी-डंडे, पुलिस ने संभाला माेर्चा

WhatsApp Channel Join Now
राजधानी में दाे पक्षाें के बीच चले लाठी-डंडे, पुलिस ने संभाला माेर्चा


रायपुर, 29 मार्च (हि.स.)। राजधानी रायपुर के आजाद चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत मोमिन पारा और बढ़ई पारा इलाके में शनिवार देर रात धार्मिक जुलूस के दाैरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना के बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई है, जिसे देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

थाने से मिली जानकारी के अनुसार, जुलूस के दाैरान विवाद की शुरुआत माेटरसाइकिल टक्कर को लेकर हुई थी। बताया जा रहा है कि बढ़ई पारा के कुछ नाबालिग लड़कों की माेटरसाइकिल से टक्कर के बाद मोमिन पारा के युवकों से रात लगभग साढ़े 10 से 11 बजे के बीच विवाद हो गया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि इसमें बड़े भी शामिल हो गए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे चले। इस हमले में तीन युवकों के सिर फट गए, जबकि दोनों पक्षों के करीब आधा दर्जन लोग घायल हो गए। आरोप है कि इस दौरान धारदार हथियारों का भी इस्तेमाल किया गया।

घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग देर रात तक थाने में मौजूद रहे, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर 50 से अधिक पुलिस जवानों और अधिकारियों को तैनात किया गया। वहीं मामले में दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई गई है।

इस पूरे मामले पर एसीपी आजाद चौक इशु अग्रवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला गया। दोनों पक्षों की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और मामले की विवेचना जारी है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई करते हुए आरोपिताें की गिरफ्तारी की जाएगी। इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए शनिवार रात से ही अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और स्थिति फिलहाल नियंत्रण में है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story