राज्यस्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन, 5 नवंबर तक करें पंजीयन
जगदलपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। आदिम जाति अनुसंधान एवं प्रशिक्षण संस्थान नवा रायपुर द्वारा जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में दो दिवसीय राज्यस्तरीय जनजातीय चित्रकला प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया जा रहा है। आगामी 14 और 15 नवम्बर को संस्थान के सेक्टर-24 स्थित परिसर में आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता का मुख्य विषय मेरी जनजाति-मेरी विरासत निर्धारित किया गया है।
इस राज्यस्तरीय आयोजन में छत्तीसगढ़ के मूल निवासी तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के चित्रकार भाग ले सकते हैं। प्रतिभागी अपनी रुचि के अनुसार विषय से संबंधित चित्र देखकर अथवा बिना देखे बना सकेंगे, हालांकि मौलिक कृतियों को संस्थान द्वारा विशेष बोनस अंक प्रदान किए जाएंगे।
पूरी तरह से निःशुल्क इस प्रतियोगिता में केवल प्रथम 100 पूर्ण पंजीकृत प्रतिभागियों को ही सम्मिलित किया जाएगा, जबकि चयनित प्रतिभागी के अनुपस्थित रहने की स्थिति में प्रतीक्षा सूची के कलाकारों को अवसर मिलेगा। पंजीकृत कलाकारों को केनवास, ईजल (स्टैण्ड), ब्रश, रंग, पेंसिल, पैलेट और डिस्पोजल ग्लास जैसी आवश्यक सामग्रियां संस्थान द्वारा ही उपलब्ध कराई जाएंगी, जबकि अन्य विशेष सामग्री प्रतिभागियों को स्वयं लानी होगी।
इच्छुक कलाकारों को निर्धारित गूगल शीट लिंक https://tinyurl.com/jjgdpainting के माध्यम से 05 नवम्बर तक अपना ऑनलाइन आवेदन अनिवार्य रूप से जमा करना होगा। इसके साथ ही जाति प्रमाण-पत्र, आधार कार्ड या अन्य मान्य पहचान पत्र तथा जन्मतिथि से संबंधित शैक्षणिक अभिलेख की प्रतियां संस्थान के ई-मेल पर प्रेषित करनी होंगी। प्रतिभागियों को कार्यक्रम स्थल पर उपस्थिति के दौरान दो पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो भी जमा कराने होंगे। प्रतियोगिता से संबंधित विस्तृत विवरण अथवा किसी भी प्रकार की जानकारी के लिए संस्था jjgdpainting@gmail.com की सहायक संचालक सुश्री पार्वती जगत से उनके मोबाइल नंबर 7805982502 पर संपर्क किया जा सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

