एमसीबी : बालक क्रीड़ा परिसर मनेन्द्रगढ़ के नाै खिलाड़ियों का राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन

WhatsApp Channel Join Now

हैंडबॉल एवं एथलेटिक्स में जिले का नाम रोशन करने को तैयार खिलाड़ी

एमसीबी, 12 सितम्बर (हि.स.)। बालक क्रीड़ा परिसर मनेन्द्रगढ़ के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा, मेहनत और उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से एक बार फिर जिले का गौरव बढ़ाया है। जगदलपुर में 17 से 20 सितंबर तक आयोजित होने वाली राज्यस्तरीय क्रीड़ा प्रतियोगिता के लिए बालक क्रीड़ा परिसर मनेन्द्रगढ़ के कुल 9 खिलाड़ियों का चयन हुआ है।

राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए हैंडबॉल विधा में 4 खिलाड़ियों का चयन किया गया है, जिनमें रूपेश कुमार, विकास, अमिताभ एवं युवराज सिंह शामिल हैं। वहीं एथलेटिक्स विधा में 5 खिलाड़ियों का चयन हुआ है, जिसमें सतीश कुमार मरकाम, रंगलाल, जॉन अब्राहम टोप्पो, निलेश एवं राहुल शामिल हैं।

चयनित सभी खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के लिए 15 सितंबर को जगदलपुर के लिए रवाना होंगे। खिलाडि़यों से उम्मीद है कि वे राज्य स्तर पर अपनी खेल प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मनेन्द्रगढ़ जिले और बालक क्रीड़ा परिसर का नाम रोशन करेंगे।

इस उपलब्धि पर मीना प्रजापति, क्रीड़ा अधिकारी, बालक क्रीड़ा परिसर मनेन्द्रगढ़ ने चयनित खिलाड़ियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि खिलाडि़यों का राज्यस्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयन उनके निरंतर अभ्यास, अनुशासन, लगन और कड़ी मेहनत का परिणाम है। उन्होंने खिलाड़ियों को प्रतियोगिता में पूरे आत्मविश्वास, खेल भावना और अनुशासन के साथ बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

खिलाडि़यों की इस उपलब्धि पर विनोद जायसवाल, जिला क्रीड़ा अधिकारी मनेन्द्रगढ़, किशोर दास, प्रेम स्मेल टोप्पो, शिव कुमार चौधरी एवं रणधीर ठाकुर ने भी चयनित खिलाडि़यों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बालक क्रीड़ा परिसर मनेन्द्रगढ़ के यह प्रतिभावान खिलाड़ी राज्यस्तरीय प्रतियोगिता में अपनी श्रेष्ठ खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए मनेन्द्रगढ़ जिले का गौरव बढ़ाएंगे और क्षेत्र का नाम रोशन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story