राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की तत्परता से मारुति धाम में फंसे पुजारी को सुरक्षित निकाला

WhatsApp Channel Join Now
राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की तत्परता से मारुति धाम में फंसे पुजारी को सुरक्षित निकाला


धमतरी, 26 सितंबर (हि.स.)।

धमतरी जिले में लगातार हो रही बारिश और जलभराव के बीच राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है। कुरुद विकासखंड के ग्राम सिरसिदा स्थित मारुति धाम में कल शाम से फंसे पुजारी को शनिवार सुबह राज्य आपदा मोचन बल की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू कर गांव तक पहुंचाया।

बारिश के कारण आसपास के क्षेत्र में जलभराव बढ़ने से मारुति धाम तक आवागमन प्रभावित हो गया था। पुजारी के फंसे होने की सूचना मिलते ही प्रशासन ने तत्काल राहत एवं बचाव दल को सक्रिय किया। राज्य आपदा मोचन बल के जवान प्रतिकूल परिस्थितियों के बीच मौके पर पहुंचे और जलस्तर एवं सुरक्षित मार्ग का आकलन करते हुए सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान शुरू किया। टीम ने पूरी तत्परता से पुजारी को सुरक्षित बाहर निकाला और गांव तक पहुंचाया। समय पर की गई कार्रवाई से संभावित जोखिम को टालते हुए उन्हें सुरक्षित स्थान तक पहुंचाया जा सका।

जिला प्रशासन की आपदा प्रबंधन टीम, राज्य आपदा मोचन बल और स्थानीय अमला प्रभावित क्षेत्रों में लगातार निगरानी रख रहा है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि जलभराव वाले क्षेत्रों, नदी-नालों और तेज बहाव वाले स्थानों पर अनावश्यक रूप से जाने से बचें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रशासन एवं राहत दल को सूचना दें। संकट की घड़ी में त्वरित कार्रवाई, बेहतर समन्वय और मानवीय संवेदनशीलता के साथ प्रशासन एवं राज्य आपदा मोचन बल की टीमें नागरिकों की सुरक्षा के लिए लगातार सक्रिय हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story