सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किशोरियों काे लगाया जाएगा टीका

WhatsApp Channel Join Now
सर्वाइकल कैंसर से बचाव के लिए किशोरियों काे लगाया जाएगा टीका


14 वर्ष की किशोरियों को निशुल्क लगेगा टीका, सर्वाइकल कैंसर से बचाव का प्रयास

धमतरी, 15 मार्च (हि.स.)। किशोरियों को गर्भाशय ग्रीवा कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत जिले में 16 मार्च से की जा रही है। इसका शुभारंभ जिला अस्पताल धमतरी से होगा, जहां 14 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की किशोरियों को निश्शुल्क एचपीवी वैक्सीन लगाई जाएगी।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डा यूएल कौशिक ने रविवार काे बताया कि भारत सरकार द्वारा यह अभियान देशभर में शुरू किया गया है, जिसका राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ 28 फरवरी 2026 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। इस वैक्सीन का उद्देश्य किशोरियों को भविष्य में होने वाले सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षा प्रदान करना है। उन्होंने बताया कि टीकाकरण के लिए किशोरी की आयु का प्रमाण आवश्यक होगा। इसके लिए आधार कार्ड या अन्य फोटो पहचान पत्र मान्य रहेगा। यदि पहचान पत्र उपलब्ध नहीं है, तो अभिभावकों द्वारा हस्ताक्षरित घोषणा पत्र के आधार पर भी टीकाकरण किया जा सकेगा।

टीकाकरण सत्र स्थलों पर प्रतीक्षालय, टीकाकरण कक्ष और निगरानी कक्ष की समुचित व्यवस्था की जाएगी। साथ ही एचपीवी वैक्सीन, एडी सिरिंज, वैक्सीन वायल ओपनर, एनाफिलेक्सिस किट और हैंड सैनिटाइज़र सहित सभी आवश्यक सामग्री उपलब्ध रहेगी। टीका लगने के बाद प्रत्येक लाभार्थी को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा। टीकाकरण से संबंधित सभी जानकारी यू-विन पोर्टल पर दर्ज की जाएगी, जिससे लाभार्थियों को डिजिटल प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने जिले के अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 वर्ष की बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण अवश्य करवाएं, ताकि उन्हें भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story