जगदलपुर में सजेगा युवा उड़ान-2026 का मंच तीन सितंबर को

WhatsApp Channel Join Now
जगदलपुर में सजेगा युवा उड़ान-2026 का मंच तीन सितंबर को


जगदलपुर, 02 सितंबर (हि.स.)। बस्तर जिला मुख्यालय के जगदलपुर में युवाओं के उज्ज्वल भविष्य, उनके सशक्तिकरण और नवाचार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से युवा उड़ान-2026 का आयोजन किया जा रहा है। छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग एवं जिला प्रशासन बस्तर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित यह विशेष कार्यक्रम गुरुवार 03 सितंबर को दोपहर 12 बजे से स्व. बलिराम कश्यप स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में संपन्न होगा।

युवा शक्ति, विकसित छत्तीसगढ़ की आधारशिला के मूल मंत्र के साथ आयोजित हो रहे इस सम्मेलन का मुख्य ध्येय प्रदेश के युवाओं में नेतृत्व विकास, रचनात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना का संचार करना है। कार्यक्रम के जरिए युवाओं को विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने, नए विचारों को मूर्त रूप देने तथा प्रदेश के विकास में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। आयोजकों ने युवाओं और आम नागरिकों को इस गरिमामयी आयोजन में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया है, ताकि युवा पीढ़ी मिलकर सुनहरे भविष्य की मजबूत नींव रख सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story