धमतरी में दो नवंबर को सजेगा राज्योत्सव का मंच, मस्त कलंदर बैंड की प्रस्तुति रहेगी खास आकर्षण

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी में दो नवंबर को सजेगा राज्योत्सव का मंच, मस्त कलंदर बैंड की प्रस्तुति रहेगी खास आकर्षण


विधायक अजय चंद्राकर होंगे मुख्य अतिथि, 23 विभागों की प्रदर्शनी में दिखेगी विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं की झलक

धमतरी, 31 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर दो नवंबर को डॉ. शोभाराम देवांगन खेल मैदान में जिलास्तरीय राज्योत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा। उत्सव में प्रदेश की लोकसंस्कृति, कला और विकास यात्रा की झलक देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में कुरूद विधायक अजय चंद्राकर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

वहीं धमतरी विधायक ओंकार साहू, सिहावा विधायक अंबिका मरकाम, जिला पंचायत अध्यक्ष अरुण सार्वा, महापौर रामू रोहरा, छत्तीसगढ़ पिछड़ा वर्ग आयोग के अध्यक्ष नेहरू राम निषाद तथा जिला सहकारी केंद्रीय बैंक मर्यादित रायपुर के अध्यक्ष निरंजन सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने बताया कि आयोजन की तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। शाम 6 बजे से रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का सिलसिला शुरू होगा। इसमें छत्तीसगढ़ का लोकप्रिय मस्त कलंदर बैंड अपनी संगीतमय प्रस्तुति से समां बांधेगा। इसके अलावा नवीन सोनी बैंड धमतरी, पंखुड़ी कुलकर्णी की कत्थक नृत्य प्रस्तुति और स्कूली बच्चों के सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। लोकप्रिय गीतों और ऊर्जावान मंचीय प्रस्तुतियों से सजी संगीत संध्या में दर्शकों को मनोरंजन का भरपूर अवसर मिलेगा।

23 विभागों की प्रदर्शनी में दिखेगी विकास की तस्वीर

राज्योत्सव स्थल पर जिला प्रशासन की ओर से 23 विभागों के स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें कृषि एवं उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुपालन, वन, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय प्रशासन, उद्योग, कौशल विकास सहित विभिन्न विभाग अपनी योजनाओं, उपलब्धियों, नवाचारों और जनहितकारी गतिविधियों की जानकारी देंगे। प्रमुख रूप से जिला पंचायत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, उद्योग, कौशल विकास, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुधन विकास, विधिक सेवा प्राधिकरण, समाज कल्याण, महिला एवं बाल विकास, वन, रेशम एवं खादी, परिवहन, शिक्षा, श्रम, स्वास्थ्य, आयुर्वेद, छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी, जनसंपर्क, सहकारिता, राजस्व और नगर निगम एवं नगरीय निकाय के स्टॉल शामिल रहेंगे। इसके अलावा राज्य शासन एवं पुलिस प्रशासन के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां नागरिकों को विभिन्न शासकीय सेवाओं, योजनाओं, कानून-व्यवस्था और सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की जानकारी मिलेगी। राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की गौरवशाली विरासत, समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराओं और विकास यात्रा को करीब से जानने का अवसर होगा। जिला प्रशासन ने जिले के नागरिकों, युवाओं, महिलाओं और संगीत प्रेमियों से 2 नवंबर को शाम 6 बजे खेल मैदान पहुंचकर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लेने और विभागीय प्रदर्शनियों का अवलोकन करने की अपील की है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770294 Articles

Share this story