वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की ली समीक्षा बैठक

WhatsApp Channel Join Now
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना-चौकी प्रभारियों की ली समीक्षा बैठक


रायगढ़, 12 अक्टूबर (हि.स.)। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने आज साेमवार काे पुलिस नियंत्रण कक्ष में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों, प्रशिक्षु उप निरीक्षकों एवं शाखा प्रमुखों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में नवरात्रि, दुर्गा उत्सव एवं दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने, बदमाशों एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी कार्रवाई करने, नवीन आपराधिक कानूनों के तहत लंबित अपराधों का समयबद्ध निराकरण करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश द‍िए।

बैठक में एसएसपी ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारी सीजन में सुरक्षा व्यवस्था सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। साथ ही अपराधों के निराकरण में तेजी लाने, फरार वारंटियों की गिरफ्तारी, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्ती के लिए सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी शशि मोहन सिंह ने नवरात्रि, दुर्गा उत्सव एवं दशहरा के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुर्गा पंडालों, गरबा-डांडिया आयोजनों, दशहरा उत्सव और अन्य बड़े कार्यक्रमों की जानकारी लेकर आयोजन स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। एसएसपी ने निर्देशित किया कि थाना प्रभारियों का सूचना तंत्र मजबूत हो और क्षेत्र में होने वाले प्रत्येक बड़े आयोजन की जानकारी पुलिस को रहे। आयोजन समिति द्वारा पूर्व सूचना नहीं दिए जाने पर नियमानुसार नोटिस जारी करने की कार्रवाई की जाए।

रात्रिकालीन सुरक्षा के लिए आयोजन समितियों को वॉलिटियर तैनात करने, पंडालों की नियमित निगरानी रखने तथा समिति के पदाधिकारियों के साथ समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए गए। गरबा-डांडिया सहित भीड़भाड़ वाले आयोजनों में असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादी वर्दी में भी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। शहर एवं संवेदनशील क्षेत्रों में देर रात तक पेट्रोलिंग की जाएगी। पुलिस नियंत्रण कक्ष के नंबर 9479193299 एवं डायल 112 पर प्राप्त होने वाली सूचनाओं पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने और भ्रामक सामग्री प्रसारित कर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

एसएसपी ने जिले में अपराध नियंत्रण को लेकर थाना प्रभारियों को सक्रिय और परिणामोन्मुख कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारी सीजन में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सतत निगरानी रखी जाए तथा आवश्यकतानुसार प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जाए। लघु अधिनियमों के तहत कार्रवाई में भी तेजी लाई जाए और पिछले वर्ष की तुलना में अधिक प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759690 Articles

Share this story