कटाईपाली में अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई की मांग, ग्रामीणों ने एसपी से लगाई गुहार

WhatsApp Channel Join Now
कटाईपाली में अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई की मांग, ग्रामीणों ने एसपी से लगाई गुहार


रायगढ़ , 13 जुलाई (हि.स.)।धरमजयगढ़ विकासखंड के थाना छाल क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कटाईपाली (सी) की महिलाओं और ग्रामीणों ने गांव में कथित रूप से हो रहे अवैध महुआ शराब के निर्माण और बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर जिला पुलिस अधीक्षक रायगढ़ को आज आवेदन सौंपा है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि अवैध शराब के कारोबार के कारण गांव का सामाजिक माहौल प्रभावित हो रहा है और कई परिवार इससे परेशान हैं।

आवेदन में ग्रामीणों ने बताया कि गांव में बड़े पैमाने पर महुआ शराब के निर्माण और बिक्री की गतिविधियां संचालित होने का आरोप है, जिससे युवाओं और परिवारों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। महिलाओं ने शिकायत की है कि शराब की लत के कारण कई परिवार आर्थिक और सामाजिक समस्याओं का सामना कर रहे हैं तथा घरेलू विवाद और हिंसा की घटनाओं में भी वृद्धि हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि शराब की लत के कारण कुछ लोग मजदूरी से अर्जित आय को भी नशे में खर्च कर रहे हैं, जिससे परिवारों की आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है। आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि गांव में चोरी और अन्य असामाजिक गतिविधियों की घटनाएं बढ़ने की आशंका बनी हुई है।

आवेदन में यह भी दावा किया गया है कि बाहरी गांवों के कुछ लोगों का भी गांव में आना-जाना बढ़ गया है, जिससे महिलाओं और युवतियों में असुरक्षा की भावना उत्पन्न हो रही है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अवैध शराब के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।

ग्रामीणों ने कहा कि गांव को नशामुक्त बनाने और सामाजिक वातावरण को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन की प्रभावी कार्रवाई आवश्यक है। वहीं, पुलिस प्रशासन की ओर से मामले में जांच के बाद नियमानुसार कार्रवाई किए जाने की उम्मीद जताई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रघुवीर प्रधान

Share this story