एसएसबी की पहल पर 49 ग्रामीण युवाओं को दिया गया इलेक्ट्रिशियन का प्रशिक्षण

WhatsApp Channel Join Now
एसएसबी की पहल पर 49 ग्रामीण युवाओं को दिया गया इलेक्ट्रिशियन का प्रशिक्षण


कांकेर, 17 नवंबर (हि.स.)। जिले में ग्रामीण युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार से जोड़ने के लिए सशस्त्र सीमा बल लगातार प्रयास कर रहा है। इसी कड़ी में एसएसबी की 33वीं वाहिनी द्वारा ग्राम केवटी में एक माह का इलेक्ट्रिशियन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 49 युवाओं को बिजली से जुड़े तकनीकी कार्यों का प्रशिक्षण दिया गया।

प्रशिक्षण पूरा होने पर आयोजित समापन समारोह में सभी युवाओं को प्रमाण पत्र के साथ इलेक्ट्रिशियन टूल किट भी दी गई, ताकि वे प्रशिक्षण के बाद अपना काम शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकें।

ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल की 33वीं वाहिनी द्वारा यह पहल की गई। ग्राम केवटी में आयोजित एक माह के प्रशिक्षण कार्यक्रम में आटीआई भानुप्रतापपुर के प्राध्यापकों ने 49 युवाओं को इलेक्ट्रिकल फिटिंग, वायरिंग और विद्युत उपकरणों की मरम्मत से जुड़ा तकनीकी एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। एक माह तक चले इस प्रशिक्षण में युवाओं को इलेक्ट्रिशियन के काम की बारीकियां सिखाई गईं, जिससे वे प्रशिक्षण के बाद स्वयं का व्यवसाय शुरू कर सकें और रोजगार के नए अवसर हासिल कर सकें।

प्रशिक्षण पूरा होने पर केवटी में समापन समारोह आयोजित किया गया, इस दौरान सभी 49 प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। साथ ही उन्हें इलेक्ट्रिशियन के काम में उपयोग होने वाली टूल किट भी प्रदान की गई। प्रमाण पत्र और टूल किट मिलने से युवाओं के लिए अब स्वरोजगार की राह आसान होगी। एसएसबी की 33वीं वाहिनी की यह पहल ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं को तकनीकी रूप से दक्ष बनाने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

आटीआई भानुप्रतापपुर के प्राचार्य रौशन ध्रुव ने मंगलवार काे बताया कि एसएसबी के माध्यम से आईटीआई भानुप्रतापपुर के प्राध्यापकों द्वारा 49 युवाओं को इलेक्ट्रीशियन का प्रशिक्षण दिया है। हमारा उद्देश्य है कि युवा कौशल प्रशिक्षण सीखें, जिससे उन्हें स्वरोजगार मिले ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778500 Articles

Share this story