कांकेर में एसएसबी के जवान ने अपनी सर्विस रायफल से स्वयं को गोली मारकर की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
कांकेर में एसएसबी के जवान ने अपनी सर्विस रायफल से स्वयं को गोली मारकर की आत्महत्या


कांकेर, 14 सितंबर (हि.स.)। जिले के थाना अंतागढ़ क्षेत्र अंर्तगत ग्राम कुहचे में स्थित एसएसबी कैंप में तैनात एक जवान आनंद प्रकाश तिवारी निवासी उत्तरप्रदेश ने साेमवार सुबह स्वयं को अपनी सर्विस रायफल से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही एसएसबी के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रही हैं।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक एसएसबी का जवान आनंद प्रकाश तिवारी निवासी उत्तरप्रदेश ग्राम कुहचे स्थित एसएसबी कैंप में हवलदार के पद पर तैनात था। बताया जा रहा है कि अज्ञात कारणों के चलते उसने अपनी सर्विस रायफल से साेमवार काे स्वयं को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही एसएसबी कैंप के अधिकारियों और स्थानीय पुलिस को इसकी सूचना दी गई। संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच कर रहे हैं। घटना के कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को भी मौके के लिए रवाना किया गया । फिलहाल जवान ने यह कदम क्यों उठाया, इसका कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद ही घटना से जुड़ी जानकारी सामने आने की उम्मीद है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

कांकेर एसपी निखिल राखेचा ने कहा कि जवान के घातक कदम उठाने की सूचना हमें एसएसबी कैंप से मिली है। बताया जा रहा है कि जवान आनंद प्रकाश तिवारी ने अपनी ही सर्विस रायफल से खुद को गोली मार ली है। अंतागढ़ थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story