विश्व आदिवासी दिवस पर कुरूद में दिखा आदिवासी एकता का जोश
धमतरी, 09 अगस्त (हि.स.)। विश्व आदिवासी दिवस के अवसर पर रविवार को कुरूद नगर आदिवासी एकता, संस्कृति और सामाजिक चेतना के रंग में सराबोर नजर आया। बायपास रोड स्थित शहीद वीर नारायण सिंह चौक में छत्तीसगढ़ के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी शहीद वीर नारायण सिंह की प्रतिमा पर समाजजनों ने विधिवत पूजा-अर्चना कर माल्यार्पण किया और उनके अदम्य साहस, संघर्ष एवं बलिदान को नमन किया।
इस अवसर पर आदिवासी समाज की एकता, संस्कृति, परंपरा और संवैधानिक अधिकारों के संरक्षण का संकल्प लिया गया। इसके बाद कुरूद नगर में आदिवासी समाज की ओर से भव्य बाइक रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और समाजजन शामिल हुए। प्रमुख मार्गों से निकली रैली के दौरान आदिवासी संस्कृति, परंपरा, अधिकार और सामाजिक एकता से जुड़े नारों से नगर गूंज उठा। रैली ने समाज की एकजुटता और जागरूकता का प्रभावी संदेश दिया।
इस अवसर पर गोंड समाज तहसील कुरूद अध्यक्ष ललित ठाकुर, राजकुमारी दीवान, लव चंद्राकर, श्याम सुंदर ध्रुव, बसंत लाल ध्रुव, फलेंद्र ध्रुव, कमलेश ध्रुव, पाली कुरूद अध्यक्ष लकेश्वर नेताम, संतोष सोरी, तेजराम छेदैया, हेमंत ध्रुव, राधेलाल मंडावी, राजू ध्रुव, रामायण ध्रुव सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

