जांजगीर-चांपा : तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलटा, भाई-बहन की मौके पर ही मौत

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा : तेज रफ्तार कोयला लोड ट्रेलर अनियंत्रित होकर पलटा, भाई-बहन की मौके पर ही मौत


जांजगीर-चांपा, 08 मई (हि. स.)। जिले के बलौदा थाना क्षेत्र में आज शुक्रवार दोपहर को एक दर्दनाक सड़क हादसे में भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कुसमुंडा से कोयला लोड कर आ रहा तेज रफ्तार ट्रेलर बिरगहनी गांव के पास अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया। इसी दौरान सड़क किनारे मौजूद भाई-बहन ट्रेलर की चपेट में आ गए।

हादसा इतना भयावह था कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों की पहचान बिरगहनी निवासी 17 वर्षीय संजय कुर्रे और 25 वर्षीय अंजू लता कुर्रे के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए।

ग्रामीणों की सूचना पर बलौदा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं हादसे के कारणों की भी जांच की जा रही है।

फिलहाल इस दर्दनाक हादसे के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है वहीं पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story