हनुमान जन्मोत्सव पर मंदिरों में हुई विशेष पूजा अर्चना

WhatsApp Channel Join Now
हनुमान जन्मोत्सव पर मंदिरों में हुई विशेष पूजा अर्चना


धमतरी, 02 अप्रैल (हि.स.)। भगवान श्री रामचंद्र के अनन्य भक्त पवनसुत हनुमान की जयंती गुरुवार को उत्साह पूर्वक मनाई गई। शहर से लेकर गांव में स्थित हनुमान मंदिरों में भगवान संकट मोचन हनुमान की विशेष पूजा अर्चना कर सुख शांति समृद्धि की कामना की गई। हनुमान मंदिरों में जय हनुमान ज्ञान गुण सागर सहित विभिन्न भक्ति गीत सुबह से गूंजते रहे। विभिन्न स्थानों में आयोजित प्रसादी वितरण में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना। श्रद्धालुओं ने कतार में खड़े होकर प्रसादी ग्रहण किया।

इतवारी बाजार स्थित किले के श्री हनुमान मंदिर, पुराना बस स्टैंड के हनुमान मंदिर, सोरिद के हनुमान मंदिर, रुद्री स्थित दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर सहित सभी छोटे-बड़े मंदिरों में हनुमान जयंती का पर्व उत्साह से मनाया गया। पवन पुत्र हनुमान को महाआरती कर भोग लगाया गया। इस अवसर पर हनुमान मंदिर में भजन मंडलियों द्वारा भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी गई। शहर के राम जानकी मंदिर में दिनभर भजन कीर्तन चलता रहा। किले के श्री हनुमान मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था। शुभ मुहूर्त में पूजा अर्चना की गई श्रद्धालुओं ने भगवान को फल मिठाई का भोग लगाया।

हनुमान जयंती पर बाबा रामदेव मंदिर इतवारी बाजार धमतरी में महाआरती, हनुमान चालीसा का पाठ हुआ। आयोजन समिति के द्वारा हनुमान जी की विशेष पूजा की गई। धमतरी शहर व समस्त देश प्रदेश के जन मानस के सुख शांति समृद्धि के लिए प्रार्थना की गई।

वहीं शहर से लगे हुए ग्राम पंचायत मुजगहन के प्राचीन मंदिर धूनादास मंदिर प्रांगण में स्थित हनुमान मंदिर में भक्तों द्वारा पूजा पाठ का कार्यक्रम रखा गया। 16 श्रृंगार एवं आरती करके प्रसाद वितरण किया गया। इस अवसर पर कीर्तन मीनपाल ने कहा कि यह पर्व पूरे आस्था और उत्साह के साथ मनाया जाता है। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने हनुमान जी से विशेष पूजा अर्चना करके सुख समृद्धि की कामना की। आरती एवं हनुमान चालीसा पाठ में काफी संख्या में लोग उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story