सावन के अंतिम सोमवार को रुद्रेश्वर महादेव की विशेष पूजा-अर्चना, शिवालयों में उमड़ी भीड़

WhatsApp Channel Join Now
सावन के अंतिम सोमवार को रुद्रेश्वर महादेव की विशेष पूजा-अर्चना, शिवालयों में उमड़ी भीड़


सावन के अंतिम सोमवार को रुद्रेश्वर महादेव की विशेष पूजा-अर्चना, शिवालयों में उमड़ी भीड़


धमतरी, 24 अगस्त (हि.स.)। सावन के अंतिम सोमवार को धमतरी शहर और आसपास का क्षेत्र शिवभक्ति में सराबोर रहा। सुबह से ही बूढ़ेश्वर महादेव मंदिर, ग्राम रुद्री स्थित रुद्रेश्वर महादेव मंदिर, नागेश्वर मंदिर सहित विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन, पूजन और जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही।भक्तों ने दूध, जल, अक्षत और पुष्प अर्पित कर भगवान शिव का अभिषेक किया तथा सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

सावन सोमवार के अवसर पर मंदिरों में विशेष साज-सज्जा की गई थी। हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से मंदिर परिसर गूंजते रहे। दिनभर भजन-कीर्तन और धार्मिक आयोजनों का सिलसिला चलता रहा। बच्चे, युवा, महिलाएं और बुजुर्ग सभी भगवान भोलेनाथ की आराधना में लीन नजर आए और प्रमुख शिव मंदिरों में देर शाम तक श्रद्धालुओं के पहुंचने का क्रम जारी रहा। रुद्रेश्वर घाट में भक्ति और अध्यात्म का विशेष संगम देखने को मिला।

बोल बम कांवरिया संघ द्वारा रुद्रेश्वर महादेव की विशेष पूजा-अर्चना के साथ महानदी की गंगा आरती की गई। भगवा वस्त्र धारण किए कांवरियों का जत्था श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रहा। विधि-विधान से पूजा-अर्चना के बाद क्षेत्र की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई। इसके पश्चात महानदी की भव्य गंगा आरती उतारी गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। पूरे घाट परिसर में हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से वातावरण शिवमय हो गया। पंडित राजकुमार तिवारी ने कहा कि सावन की शक्ति और भक्ति धर्म एवं अध्यात्म को नई ऊंचाई प्रदान करती है। यही आध्यात्मिक ऊर्जा समाज में आपसी प्रेम, भाईचारे और सद्भावना का संचार करती है। उन्होंने कहा कि धर्म की धरती धमतरी में इस तरह के आयोजन लोगों को एकता के सूत्र में बांधने के साथ धार्मिक और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने का कार्य करते हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story