कोंड़ागांव में 13 से 18 जुलाई तक चलेगा निशुल्क एचपीवी विशेष टीकाकरण सप्ताह

WhatsApp Channel Join Now
कोंड़ागांव में 13 से 18 जुलाई तक चलेगा निशुल्क एचपीवी विशेष टीकाकरण सप्ताह


कोंड़ागांव, 10 जुलाई (हि.स.)। संचालक स्वास्थ्य सेवाएं, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार तथा कलेक्टर नूपुर राशि पन्ना के मार्गदर्शन में जिले में 13 जुलाई से 18 जुलाई तक ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) विशेष टीकाकरण सप्ताह आयोजित किया जाएगा। यह अभियान महिलाओं में होने वाले सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के उद्देश्य से संचालित किया जा रहा है। अभियान का मुख्य उद्देश्य उन सभी पात्र बालिकाओं का शत-प्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करना है, जो अब तक एचपीवी वैक्सीन से वंचित रह गई हैं।

स्वास्थ्य विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार राज्य में एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत कोण्डागांव जिले में लगभग 6,720 पात्र बालिकाओं के टीकाकरण का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। वर्तमान में अपेक्षाकृत कम बालिकाओं का टीकाकरण हो पाने के कारण शेष पात्र बालिकाओं तक वैक्सीन पहुंचाने के लिए विशेष टीकाकरण सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। विशेष अभियान के दौरान जिले के सभी विकासखंडों में माइक्रोप्लान तैयार किए जाएंगे। स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को आवश्यक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा तथा नियमित टीकाकरण सत्रों एवं स्वास्थ्य संस्थानों के माध्यम से पात्र बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा। साथ ही प्रत्येक लाभार्थी का विवरण यू-विन पोर्टल पर रियल-टाइम दर्ज किया जाएगा, जिससे अभियान की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जा सके।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरके चतुर्वेदी तथा जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. प्रतीक चौधरी ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों को निकटतम स्वास्थ्य केंद्र अथवा निर्धारित टीकाकरण केंद्र में ले जाकर एचपीवी का निशुल्क टीका अवश्य लगवाएं। उन्होंने बताया कि एचपीवी टीका सर्वाइकल कैंसर से बचाव का एक प्रभावी एवं सुरक्षित माध्यम है। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से इस विशेष टीकाकरण अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा पात्र बालिकाओं को समय पर टीकाकरण के लिए प्रेरित करने की अपील की है, ताकि जिले में सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में प्रभावी कदम उठाया जा सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story