छूटे एवं नए युवा मतदाताओं के पंजीयन के लिए विशेष अभियान
नौ से 30अक्टूबर तक मतदान केंद्रों और शैक्षणिक संस्थानों में लगेंगे विशेष शिविर
धमतरी, 08 अक्टूबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची में छूटे पात्र नागरिकों तथा नए पात्र युवा एवं पहली बार मतदान के लिए पात्र हुए नागरिकों के नाम जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान का उद्देश्य कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में पंजीयन से वंचित न रहे और सभी पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने की अपील की है। इसके लिए बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर भ्रमण के साथ विशेष शिविर भी लगाएंगे। तत्कालिक व्यवस्था के तहत 9 से 11 अक्टूबर तक जिले के सभी मतदान केंद्रों में शिविर लगाए जाएंगे, जहां बीएलओ पात्र नागरिकों से ऑनलाइन और ऑफलाइन आवेदन प्राप्त करेंगे। इसके बाद 12 से 16 अक्टूबर तक संबंधित क्षेत्र के हाई स्कूल और हायर सेकेंडरी स्कूलों में विशेष शिविर आयोजित कर युवा एवं भावी मतदाताओं के पंजीयन के लिए आवेदन लिए जाएंगे।
अभियान के तहत 30 अक्टूबर तक प्रत्येक बीएलओ अपने मतदान केंद्र में हर सप्ताह बुधवार और गुरुवार को कार्यालयीन समय में विशेष शिविर लगाएंगे। वहीं शुक्रवार और शनिवार को संबंधित मतदान केंद्र क्षेत्र के पॉलिटेक्निक, आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल सहित उच्च शैक्षणिक संस्थानों में इलेक्ट्रोरल लिटरेसी क्लब (ईएलसी) के माध्यम से युवा एवं भावी मतदाताओं के पंजीयन के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए ईसीआईएनईटी मोबाइल ऐप अथवा भारत निर्वाचन आयोग की वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से फॉर्म-6 भरकर ऑनलाइन आवेदन भी कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने नागरिकों से अभियान में सक्रिय सहभागिता की अपील करते हुए कहा कि पात्र नागरिक स्वयं अपना पंजीयन सुनिश्चित करने के साथ परिवार, आसपास के युवाओं और पहली बार मतदान के लिए पात्र बने नागरिकों को भी मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित करें। नागरिकों की सहभागिता से मतदाता सूची को अधिक समावेशी और अद्यतन बनाने में मदद मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

