चार अक्टूबर को बस्तर के सभी विकासखंडों में लगेंगे विशेष शिविर, होगा समस्याओं का समाधान

WhatsApp Channel Join Now

जगदलपुर 03 अक्टूबर (हि.स.)। जिला प्रशासन द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत रविवार 04 अक्टूबर को जिले के सभी विकासखंडों में व्यापक स्तर पर ब्लॉकस्तरीय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।

इस अभियान के तहत लोहंडीगुड़ा विकासखंड के ग्राम पंचायत मिचनार स्थित बाजार स्थल में शिविर लगेगा, वहीं बास्तानार विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत बड़े काकलूर के पोटा केबिन में शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसी कड़ी में दरभा विकासखंड के ग्रामीणों के लिए ग्राम पंचायत डिलमिली के बाजार स्थल के पास शिविर सजाया जाएगा, जबकि तोकापाल विकासखंड के अंतर्गत ग्राम पंचायत सिंघनपुर के बाजार स्थल पर शिविर आयोजित होगा।

इसके साथ ही बस्तर विकासखंड में ग्राम पंचायत खोरखोसा के पंचायत भवन में शिविर का आयोजन सुनिश्चित किया गया है। वहीं जगदलपुर विकासखंड के तहत ग्राम पंचायत पण्डरीपानी स्थित अटल समरसता भवन में शिविर लगेगा और बकावण्ड विकासखंड में ग्राम पंचायत उलनार के अटल समरसता भवन में विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। जिला प्रशासन ने सभी संबंधित क्षेत्रों के ग्रामीणों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन शिविरों में पहुंचकर अपनी मांगों व समस्याओं के निराकरण के साथ-साथ जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story