जांजगीर-चांपा में मतदाता सूची में नाम जोड़ने विशेष अभियान शुरू

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में मतदाता सूची में नाम जोड़ने विशेष अभियान शुरू


जांजगीर-चांपा में मतदाता सूची में नाम जोड़ने विशेष अभियान शुरू


जांजगीर-चांपा, 12 अक्टूबर (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे, इसके लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जन्मेजय महोबे के मार्गदर्शन में जिले के सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने के उद्देश्य से जिले के 1006 मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं।

इस अभियान के तहत पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए जागरूक किया जा रहा है। निर्वाचन संबंधी प्रक्रिया को सरल बनाने और अधिक से अधिक पात्र लोगों को मताधिकार से जोड़ने के लिए जिले के विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों में भी विशेष पहल की जा रही है।

स्कूल-कॉलेजों में 17 वर्ष से अधिक आयु के छात्र-छात्राओं से संपर्क कर उन्हें मतदाता सूची में नाम जुड़वाने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ना और पात्रता पूरी करने वाले युवाओं का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराना है।

जिला निर्वाचन प्रशासन ने पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपना नाम मतदाता सूची में अवश्य जांच लें। यदि किसी नागरिक का नाम मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, नाम में किसी प्रकार की त्रुटि है या उसमें संशोधन कराने की आवश्यकता है, तो वे संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं।

मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम में संशोधन कराने या निर्वाचन संबंधी किसी शिकायत अथवा समस्या के समाधान के लिए नागरिक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी अथवा निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।

जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज होने से वंचित न रहे और सभी पात्र मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

759647 Articles

Share this story