बस्तर में छूटे हुए व नए युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए पांच अक्टूबर से चलेगा विशेष अभियान

WhatsApp Channel Join Now
बस्तर में छूटे हुए व नए युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए पांच अक्टूबर से चलेगा विशेष अभियान


जगदलपुर, 04 अक्टूबर (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बस्तर जिले में मतदाता सूची के सतत् अद्यतनीकरण के अंतर्गत छूटे हुए एवं नए पात्र युवा मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए एक विशेष अभियान की शुरुआत की जा रही है।

कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा द्वारा दी गई जानकारी अनुसार यह अभियान 5 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक पूरे जिले में संचालित होगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पात्र नागरिकों सहित ऐसे युवाओं और पहली बार मतदाता बनने योग्य हुए नागरिकों के नाम मतदाता सूची में दर्ज करने की प्रक्रिया को अत्यंत सुगम और त्वरित बनाना है, जो अब तक किसी कारणवश अपना पंजीकरण नहीं करा सके हैं। इस अवधि में बूथ लेवल अधिकारी मतदाताओं के घर-घर जाकर सत्यापन करेंगे और नाम जोड़ने की समस्त औपचारिकताएं पूरी करेंगे।

भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अपील किया गया है कि नागरिक घर बैठे डिजिटल माध्यम से भी अपना नाम जुड़वा सकते हैं, जिसके तहत ईसीआईनेट मोबाइल ऐप या निर्वाचन आयोग की आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर जाकर फॉर्म 6 के जरिए ऑनलाइन आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने जिले के सभी पात्र नागरिकों और युवाओं से आह्वान किया है कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाएं और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराकर अपने मताधिकार की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story