बैंकों की सुरक्षा पर धमतरी पुलिस का विशेष अभियान, जिलेभर में हुआ औचक निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
बैंकों की सुरक्षा पर धमतरी पुलिस का विशेष अभियान, जिलेभर में हुआ औचक निरीक्षण


बैंकों की सुरक्षा पर धमतरी पुलिस का विशेष अभियान, जिलेभर में हुआ औचक निरीक्षण


धमतरी, 09 जून (हि.स.)। धमतरी जिले में बैंकिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से धमतरी पुलिस ने मंगलवार को विशेष बैंक सुरक्षा निरीक्षण अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सूरज सिंह परिहार के निर्देशन में जिले के सभी थाना एवं चौकी क्षेत्रों में संचालित राष्ट्रीयकृत और निजी बैंक शाखाओं का सघन एवं औचक निरीक्षण किया गया।

अभियान के तहत पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसरों में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, कैमरों की कवरेज क्षमता, अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्डों की तैनाती एवं सतर्कता, मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वारों की सुरक्षा, स्ट्रांग रूम की व्यवस्था, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता तथा अन्य सुरक्षा मानकों का भौतिक सत्यापन किया। निरीक्षण के दौरान बैंक प्रबंधकों और कर्मचारियों से चर्चा कर उन्हें सुरक्षा संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने बैंक परिसरों में आने-जाने वाले संदिग्ध व्यक्तियों पर सतत निगरानी रखने, नकदी के सुरक्षित परिवहन, सीसीटीवी कैमरों के नियमित रखरखाव तथा सुरक्षा उपकरणों को सदैव क्रियाशील बनाए रखने की सलाह दी। साथ ही किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने के निर्देश भी दिए गए।

पुलिस टीम ने बैंक कर्मचारियों और सुरक्षा गार्डों को आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई एवं सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन सुनिश्चित करने के संबंध में भी जागरूक किया। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए, जिनके शीघ्र पालन के निर्देश बैंक प्रबंधन को दिए गए हैं। धमतरी पुलिस द्वारा समय-समय पर बैंकों, एटीएम केंद्रों एवं अन्य वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए औचक निरीक्षण और चेकिंग अभियान संचालित किए जाते हैं।

इसी कड़ी में चलाए गए इस विशेष अभियान का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्थाओं का वास्तविक आकलन करना तथा संभावित आपराधिक गतिविधियों की रोकथाम सुनिश्चित करना रहा। धमतरी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि आम नागरिकों की सुरक्षा, बैंकिंग संस्थानों की संरक्षा तथा जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे निरीक्षण अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story