मतदाता सूची में छूटे व नाम जाेड़ने चलेगा विशेष अभियान
रायपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में छूटे हुए पात्र नागरिकों का सत्यापन करने और मतदाता सूची में नाम जोड़ने के लिए एक महीने का विशेष अभियान शुरू किया गया है। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान की जानकारी मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने शुक्रवार को पत्रकारवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि अभियान के तहत विभिन्न कारणों से मतदाता सूची से हटाए गए नामों का भी पुनः सत्यापन किया जाएगा। पहली बार मतदान करने वाले युवाओं के पंजीकरण पर विशेष जोर दिया जाएगा। वहीं 17 वर्ष से अधिक आयु के युवा भी मतदाता पंजीकरण के लिए फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं।
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि छत्तीसगढ़ में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान करीब 24.99 लाख मतदाताओं के नाम कटे हैं। इनमें लगभग 6.42 लाख मृत मतदाता और 19,13,540 अनुपस्थित या स्थानांतरित मतदाता शामिल हैं। वहीं सूची में 2 लाख 35 हजार 994 नए मतदाताओं के नाम जोड़े गए हैं। अब एक महीने तक विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का दोबारा सत्यापन करेंगे और पात्रता के अनुसार मतदाता सूची से छूटे नाम जोड़ने की प्रक्रिया में मदद करेंगे।
अभियान के तहत हर सप्ताह बुधवार और गुरुवार को मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा शुक्रवार और शनिवार को स्कूल-कॉलेजों में मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा। आईटीआई, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी और उच्च शैक्षणिक संस्थानों में भी शिविर लगेंगे। संस्थानों के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से युवाओं को मतदाता पंजीकरण के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को फॉर्म-6 के आवेदन प्राप्त करने और क्षेत्र सत्यापन रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मतदाता सूची राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए) के साथ साझा करेंगे।
वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन कर सकते हैं आवेदन
मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए नागरिक ईसीनेट मोबाइल ऐप और आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑफलाइन आवेदन के लिए संबंधित मतदान केंद्र के बूथ लेवल अधिकारी को फॉर्म-6 जमा किया जा सकता है।
पंजीकरण से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए ईसीनेट ऐप पर ‘बुक ए काॅल विद बीएलओ’ सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा हेल्पलाइन नंबर 1950 पर कॉल करके भी सहायता प्राप्त की जा सकती है। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने सभी पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाने और मतदाता सूची में अपना नाम सुनिश्चित कराने की अपील की हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

