जांजगीर-चांपा में अपराध समीक्षा बैठक: पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में अपराध समीक्षा बैठक: पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


जांजगीर-चांपा, 17 नवम्बर (हि. स.)। जिले में अपराध नियंत्रण, कानून व्यवस्था बनाए रखने और पुलिसिंग को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने 17 नवंबर को पुलिस कार्यालय जांजगीर के सभाकक्ष में राजपत्रित पुलिस अधिकारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में अपराधों के निराकरण, थाना-चौकी क्षेत्रों की कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सख्त दिशा-निर्देश दिए गए।

पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को अपने अधीनस्थ थाना एवं चौकी प्रभारियों के माध्यम से बीट प्रणाली को प्रभावी ढंग से संचालित कराने के निर्देश दिए। साथ ही क्षेत्र के गुंडा और निगरानी बदमाशों की नियमित चेकिंग कर उनकी गतिविधियों पर सतत नजर रखने को कहा।

बैठक में फरार आरोपियों और वारंटियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने पर विशेष जोर दिया गया। SP ने लंबित गिरफ्तारी वारंट और स्थायी वारंटों की तामीली के लिए विशेष अभियान चलाने तथा फरार अपराधियों की पतासाजी कर शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने थाना-चौकी क्षेत्रों में समय-समय पर प्रभावी नाकाबंदी कर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच करने तथा संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही क्षेत्र में पुलिस की सक्रिय उपस्थिति बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को आम नागरिकों और फरियादियों के साथ शालीनतापूर्ण व्यवहार करने की हिदायत दी। उन्होंने कहा कि शिकायतों को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनकर त्वरित एवं उचित वैधानिक कार्रवाई की जाए। शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करना पुलिस की जिम्मेदारी है। अपराध नियंत्रण और आमजन में सुरक्षा की भावना बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में डी एस पी मुख्यालय विजय कुमार पैकरा, डी एस पी अजाक सतरूपा तारम, सी एस पी कोतवाली योगिताबाली खापर्डे, एसडीओपी शिवरीनारायण तोमेश वर्मा, एसडीओपी चांपा लौकेश बंसल, एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेंद्र प्रताप सिंह, स्टेनो राजेंद्र श्रीवास्तव, रीडर-1 अश्वनी राठौर एवं स्थापना प्रभारी कृष्णा साहू उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778766 Articles

Share this story