बस्तर एसपी ने अपराधों की समीक्षा, स्मार्ट व तकनीक आधारित पुलिसिंग पर दिया जोर

WhatsApp Channel Join Now
बस्तर एसपी ने अपराधों की समीक्षा, स्मार्ट व तकनीक आधारित पुलिसिंग पर दिया जोर


जगदलपुर, 01 अगस्त (हि.स.)। जिले में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निराकरण एवं पुलिसिंग व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से बस्तर जिले के पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने शनिवार को जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों और थाना प्रभारियों की बैठक में अपराधों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक के दौरान जिले में घटित अपराधों, लंबित प्रकरणों और शिकायतों की विस्तृत समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने विवेचनाओं की गुणवत्ता में सुधार, वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के बेहतर उपयोग और समयबद्ध एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया। स्मार्ट पुलिसिंग एवं डिजिटल प्लेटफॉर्म के उपयोग पर जोर दिया गया।

एसपी शलभ कुमार सिन्हा ने अधिकारियों को स्मार्ट पुलिसिंग, कम्युनिटी पुलिसिंग और टेक्नोलॉजी आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस कार्यों में पारदर्शिता और दक्षता बढ़ाने के लिए सीसीटीएनएस और अन्य डिजिटल प्लेटफॉर्म का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने विभागीय, न्यायालयीन और अन्य वैधानिक अनुपालनों को समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश भी दिए। बैठक में जिले की यातायात व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधीक्षक ने सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण, यातायात नियमों के प्रभावी पालन और आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।

वर्तमान वर्षा ऋतु और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए आपदा प्रबंधन की तैयारियों पर भी चर्चा की गई। थाना प्रभारियों को संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने, स्थानीय प्रशासन से समन्वय बनाए रखने और आपदा की स्थिति में तत्काल राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि आमजन की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, इसलिए सभी आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता और त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

बैठक में जिला अभियोजन अधिकारी (डीपीओ) मिश्रा ने विवेचना और विधिक प्रक्रियाओं से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर अधिकारियों को आवश्यक कानूनी मार्गदर्शन दिया, ताकि जांच और अभियोजन की गुणवत्ता को और बेहतर बनाया जा सके। बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर, नगर पुलिस अधीक्षक सुमितकुमार धोत्रे सहित जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और अन्य पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story