बीजापुर एसपी ने सीमावर्ती थाना तारलागुड़ा एवं भद्राकाली का किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now
बीजापुर एसपी ने सीमावर्ती थाना तारलागुड़ा एवं भद्राकाली का किया निरीक्षण


बीजापुर, 12 सितंबर (हि.स.)। जिले के पुलिस अधीक्षक उमेश प्रसाद गुप्ता द्वारा शनिवार काे तेलंगाना राज्य के सीमावर्ती थाना तारलागुड़ा एवं भद्राकाली का आकस्मिक भ्रमण किया गया। भ्रमण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने विषम एवं संवेदनशील परिस्थितियों में तैनात पुलिस व सुरक्षाबलों के जवानों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने जवानों से रूबरू होकर उनकी कुशलक्षेम पूछी, उनकी समस्याओं की जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थानों के दैनिक कार्यों, रोजनामचा, अपराध पंजी, मालखाना, शस्त्रागार एवं हवालात का जायजा लिया। थाना प्रभारियों एवं विवेचकों को लंबित अपराधों, शिकायतों, मर्ग एवं गुमशुदगी के मामलों का समय-सीमा के भीतर न्यायालय में शीघ्र चालान प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

तारलागुड़ा एवं भद्राकाली थाना तेलंगाना राज्य की सीमा से लगे हुए हैं, अंतरराज्यीय सीमा पर निरंतर सघन जांच अभियान चलाने, संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने तथा अवैध तस्करी पर अंकुश लगाने हेतु विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। सीमावर्ती राज्य की पुलिस के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, आम नागरिकों के साथ मित्रवत व्यवहार रखने और क्षेत्र में शांति व सुरक्षा का वातावरण सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story