दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 100 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा किया पार

WhatsApp Channel Join Now
दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 100 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा किया पार


दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 100 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा किया पार


बिलासपुर/रायपुर, 19 अगस्त (हि.स.)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने माल लदान के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए वित्तीय वर्ष 2026-27 में 18 अगस्त को 100 मिलियन टन का आंकड़ा पार कर लिया। यह उपलब्धि पिछले वर्ष की तुलना में चार दिन पहले हासिल हुई है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेलवे ने 22 अगस्त 2025 को यह आंकड़ा पार किया था।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अनुसार, 18 अगस्त 2026 तक कुल 100.125 मिलियन टन प्रारंभिक माल लदान किया गया है। पिछले वर्ष की इसी अवधि में 97.673 मिलियन टन माल लदान हुआ था। इस तरह इस वर्ष 2.452 मिलियन टन यानी 2.51 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।

माल लदान के साथ प्रारंभिक माल भाड़ा राजस्व में भी वृद्धि हुई है। इस अवधि में रेलवे ने 12,023.6 करोड़ रुपये का राजस्व अर्जित किया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में 11,824.2 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस प्रकार राजस्व में 199.4 करोड़ रुपये यानी 1.69 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। इस दौरान 26,535 रेक लोड किए गए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 2.59 प्रतिशत अधिक हैं।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के माध्यम से कोयला, लौह अयस्क, इस्पात और सीमेंट सहित विभिन्न आवश्यक संसाधनों का परिवहन देश के अलग-अलग हिस्सों तक किया जाता है। रेलवे का यह माल परिवहन देश की ऊर्जा जरूरतों, आधारभूत संरचना के विकास और आर्थिक गतिविधियों को गति देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

यात्री सेवाओं के विस्तार पर भी जोर

माल परिवहन के साथ दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे द्वारा यात्री सुविधाओं के विस्तार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है। यात्रियों की बढ़ती मांग तथा ग्रीष्मकालीन अवकाश एवं अन्य विशेष अवसरों के दौरान अतिरिक्त यात्री यातायात को देखते हुए अप्रैल से जुलाई 2026 तक 48 स्पेशल ट्रेनों के कुल 140 फेरे संचालित किए गए।

ग्रीष्मकाल में समर स्पेशल, रथ यात्रा के अवसर पर रथ यात्रा स्पेशल तथा वर्तमान में श्रावण मास के दौरान श्रावणी स्पेशल ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है। इन ट्रेनों से यात्रियों को अतिरिक्त कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के साथ नियमित ट्रेनों पर यात्री दबाव कम करने में भी मदद मिली है।

आधारभूत संरचना के विस्तार से बढ़ी क्षमता

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में दोहरीकरण, तीसरी एवं चौथी रेल लाइन, यार्ड रिमॉडलिंग, आधुनिक सिग्नलिंग तथा अन्य क्षमता वृद्धि के कार्य लगातार किए जा रहे हैं। इन कार्यों से माल और यात्री ट्रेनों के परिचालन में गति एवं दक्षता बढ़ी है।

100 मिलियन टन माल लदान का आंकड़ा समय से पहले हासिल करना तथा यात्री सुविधाओं के लिए लगातार स्पेशल ट्रेनों का संचालन दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे की बेहतर परिचालन योजना और आधारभूत संरचना के विकास को दर्शाता है। रेलवे ने कहा है कि देश की ऊर्जा एवं संसाधन आवश्यकताओं की पूर्ति, आमजन को बेहतर यात्री सुविधाएं उपलब्ध कराने और राष्ट्र की विकास यात्रा में योगदान को मजबूत करने के लिए प्रयास जारी रहेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story