धमतरी : सोरिद-बागतराई मार्ग सालों से जर्जर, बारिश में बढ़ी मुसीबत

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : सोरिद-बागतराई मार्ग सालों से जर्जर, बारिश में बढ़ी मुसीबत


धमतरी : सोरिद-बागतराई मार्ग सालों से जर्जर, बारिश में बढ़ी मुसीबत


धमतरी : सोरिद-बागतराई मार्ग सालों से जर्जर, बारिश में बढ़ी मुसीबत


-किसान, विद्यार्थी और राहगीर परेशान, सड़क हादसों का खतरा

धमतरी, 21 सितंबर (हि.स.)। शहर से गांवों को जोड़ने वाली सड़कें विकास की पहली कड़ी मानी जाती हैं, लेकिन सोरिद-बागतराई मार्ग की तस्वीर इससे उलट है। वर्षों से जर्जर इस सड़क पर अब सड़क कम और गड्ढे ज्यादा नजर आते हैं। ऐसे में इस मार्ग से आना जाना दूभर हो गया है। लोगों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क बनाने की मांग की है।

सोरिद वार्ड के बरपारा चौक से लिमाही तालाब और कचरा गोदाम होते हुए बागतराई बाईपास तक जाने वाला यह मार्ग लंबे समय से बदहाली का शिकार है। बारिश होते ही इन गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे राहगीरों के लिए यह मार्ग किसी चुनौती से कम नहीं रहता। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने के कारण दोपहिया और चारपहिया वाहन चालकों को रोजाना परेशानी उठानी पड़ती है। पानी से भरे गड्ढों की गहराई का अंदाजा नहीं लगने से दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में ग्रामीण, कामकाजी लोग और स्कूली विद्यार्थी आवागमन करते हैं।

बागतराई के ग्रामीणों के लिए यह प्रमुख संपर्क मार्ग है। गांव के लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए इसी रास्ते से धमतरी पहुंचते हैं। सड़क की खराब स्थिति के कारण विद्यार्थियों को भी आवागमन में परेशानी होती है और कई बार दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ा है। सोरिद और बागतराई क्षेत्र में किसानों के खेत भी इसी मार्ग के आसपास हैं। खेती-किसानी के काम से किसानों को प्रतिदिन इस सड़क से आना-जाना पड़ता है। बारिश के दिनों में कीचड़ और पानी के कारण कृषि कार्य के लिए आवागमन भी मुश्किल हो जाता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मार्ग की बदहाली को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन स्थायी सुधार नहीं हुआ। बारिश के बाद स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि स्थानीय वार्डवासी खुद गड्ढों में मलबा डालकर सड़क को किसी तरह चलने लायक बनाते हैं। उनका कहना है कि सोरिद और बागतराई के बीच बाईपास मार्ग तैयार हो चुका है, इसके बावजूद पुराने मार्ग की मरम्मत नहीं होने से रोजाना हजारों लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। नागरिकों ने सड़क का स्थायी जीर्णोद्धार कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सड़क की स्थिति नहीं सुधारी गई तो किसी बड़े हादसे की आशंका बनी रहेगी। लगभग 3 किलोमीटर लंबी सड़क की समस्या का समाधान नहीं होने पर वार्डवासियों ने सड़कजाम करने की चेतावनी दी है।

सोरिद वार्ड पार्षद एवं निगम सभापति कौशल्या देवांगन ने कहा कि सोरिद से बागतराई जर्जर रोड के संबंध में प्रशासन को अवगत कराया गया है। पुनः एक बार ध्यान आकर्षित कराया जाएगा, ताकि सड़क की मरम्मत हो सके और लोगों को राहत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story