सूरजपुर : सोलर पैनल से शोभलाल यादव का बिजली बिल हुआ लगभग शून्य

WhatsApp Channel Join Now
सूरजपुर : सोलर पैनल से शोभलाल यादव का बिजली बिल हुआ लगभग शून्य


पीएम सूर्य घर योजना का मिला लाभ, अब बिजली की बचत के साथ कर रहे ऊर्जा उत्पादन

सूरजपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना जिले के लोगों के लिए आर्थिक राहत का माध्यम बन रही है। सूरजपुर निवासी शोभलाल यादव की सफलता की कहानी सामने आई, जिन्होंने अपने घर पर 3 किलोवाट क्षमता का सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाकर बिजली खर्च में बड़ी बचत की है।

शोभलाल यादव ने बताया कि सोलर पैनल लगवाने से पहले उनका मासिक बिजली बिल करीब 3,500 से 4,000 रुपये तक आता था। योजना का लाभ मिलने के बाद पिछले करीब आठ महीनों से उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है और उन्हें बिजली बिल का भुगतान नहीं करना पड़ा।

उन्होंने बताया कि 3 किलोवाट क्षमता का सौर संयंत्र लगाने पर केंद्र और राज्य सरकार की ओर से कुल 1.08 लाख रुपये की सब्सिडी मिली, जिससे संयंत्र लगवाना काफी किफायती साबित हुआ।

शोभलाल यादव का कहना है कि अब वे सिर्फ बिजली के उपभोक्ता नहीं, बल्कि बिजली का उत्पादन भी कर रहे हैं। उनके अनुसार यह योजना बिजली खर्च कम करने के साथ-साथ स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा देने और पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

उन्होंने पात्र उपभोक्ताओं से प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना का लाभ उठाकर अपने घरों में सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कराने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story