लाल पानी पीने को मजबूर ठोठाझरिया के ग्रामीण, लाखों का सोलर पंप बना शोपीस

WhatsApp Channel Join Now
लाल पानी पीने को मजबूर ठोठाझरिया के ग्रामीण, लाखों का सोलर पंप बना शोपीस


धमतरी, 26 मई (हि.स.)। भीषण गर्मी के बीच नगरी विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र स्थित ठोठाझरिया गांव में पेयजल संकट विकराल रूप ले चुका है। लाखों रुपये की लागत से स्थापित सोलर पंप कई दिनों से बंद पड़ा है, जिससे ग्रामीणों को मजबूरी में हैंडपंप से निकलने वाला लाल और दूषित पानी पीना पड़ रहा है। हालत यह है कि पानी की तलाश में महिलाएं और बच्चे सुबह से ही भटकते नजर आ रहे हैं, वहीं जलजनित बीमारियों का खतरा भी लगातार बढ़ता जा रहा है।

नगरी ब्लाक मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत फरसगांव के आश्रित ग्राम ठोठाझरिया में पेयजल व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। गांव में लगा सोलर पंप खराब होने के बाद ग्रामीणों के सामने पानी का गंभीर संकट खड़ा हो गया है। अभ्यारण क्षेत्र में बसे इस गांव तक आज भी सड़क और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाएं नहीं पहुंच पाई हैं। ऐसे में पेयजल जैसी बुनियादी जरूरत प्रभावित होने से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।

ग्रामीणों का कहना है कि अभ्यारण क्षेत्र होने के कारण सड़क और बिजली की सुविधा नहीं मिल पा रही है, लेकिन कम से कम पीने का साफ पानी तो उपलब्ध कराया जाना चाहिए। लोगों ने बताया कि हैंडपंप से निकलने वाला पानी लाल और दूषित है, जिसे पीने से बीमारी फैलने की आशंका बनी हुई है, लेकिन मजबूरी में उसी पानी का उपयोग करना पड़ रहा है। फरसगांव की सरपंच शैलेन्द्री नेताम ने बताया कि सोलर पंप खराब होने की सूचना कई बार संबंधित विभाग को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में ग्रामीणों की परेशानी लगातार बढ़ रही है, बावजूद इसके विभागीय उदासीनता के चलते समस्या जस की तस बनी हुई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द सोलर पंप की मोटर मरम्मत कर गांव में स्थायी और स्वच्छ पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि लोगों को दूषित पानी पीने की मजबूरी से राहत मिल सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story