जांजगीर में हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश, मिलने बुलाकर चाकू की नोक पर लूट, युवती समेत छह गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर में हनी ट्रैप गैंग का पर्दाफाश, मिलने बुलाकर चाकू की नोक पर लूट, युवती समेत छह गिरफ्तार


जांजगीर चांपा, 19 नवंबर (हि. स.)। सोशल मीडिया पर दोस्ती कर युवक को मिलने के बहाने बुलाना और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर चाकू की नोक पर लूटपाट करना एक गिरोह को भारी पड़ गया। जांजगीर-चांपा जिले की कोतवाली पुलिस ने हनी ट्रैप के जरिए युवक को जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाले गिरोह का आज गुरुवार काे पर्दाफाश करते हुए एक युवती सहित कुल छह आरोपिताें को गिरफ्तार किया है। आरोपिताें के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं।

पुलिस के अनुसार, रायगढ़ जिले के निवासी पीड़ित मनीष वर्मा की स्नैपचैट के माध्यम से एक युवती से पहचान हुई थी। दोनों के बीच बातचीत होने लगी। इसी दौरान युवती लगातार युवक को मिलने के लिए चांपा बुला रही थी। युवती के बुलावे पर 4 नवंबर को मनीष अपने एक दोस्त के साथ कार से चांपा पहुंचा। युवती के कहने पर उसने अपने दोस्त को मड़वा प्लांट के मुख्य द्वार पर छोड़ दिया और युवती के साथ आगे चला गया।

इसी दौरान रात करीब 12:20 बजे मड़वा प्लांट के पास छह युवक कार के पास पहुंचे। आरोपिताें ने चाकू दिखाकर मनीष को कार से बाहर निकाला और हाथ-मुक्कों तथा बेल्ट से मारपीट की। इसके बाद जान से मारने की धमकी देकर उसके पास रखे 60 हजार रुपये नगद और पहनी हुई सोने की अंगूठी लूटकर फरार हो गए। पुलिस जांच में युवती की भी इस पूरी वारदात में आरोपिताें के साथ मिलीभगत सामने आई।

घटना की रिपोर्ट पर थाना कोतवाली जांजगीर में अपराध क्रमांक 917/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 308(2), 111(1) एवं 3(5) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल एक युवती सहित छह आरोपिताें को आज गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपिताें में अमित राठौर (21), निवासी पुरानी बस्ती वार्ड क्रमांक 12 जांजगीर, रवि झलरिया (24), निवासी हसदेव विहार कॉलोनी जांजगीर, किशन कर्ष (21), निवासी ग्राम महुदा थाना चांपा, कुनाल पाण्डेय (20), निवासी लिंक रोड शंकर विहार कॉलोनी जांजगीर, मुकेश कश्यप उर्फ छोटू (19), निवासी जोबी थाना जांजगीर तथा रायगढ़ जिले की एक युवती शामिल है।

30 हजार रुपये नगद और दो मोटरसाइकिल जब्त

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपिताें के कब्जे से लूट की रकम में से 30 हजार रुपये नगद, घटना में प्रयुक्त मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। मामले में आरोपिताें के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन तथा सीएसपी कोतवाली योगिताबाली खापर्डे के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस द्वारा की गई।

पुलिस की अपील: सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से रहें सतर्क

जांजगीर-चांपा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान व्यक्तियों से दोस्ती और बातचीत करते समय सतर्कता बरतें। बिना पर्याप्त जानकारी और पहचान की पुष्टि किए किसी अनजान व्यक्ति से मिलने न जाएं। विशेषकर सुनसान एवं एकांत स्थानों पर जाने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि या धोखाधड़ी की आशंका होने पर तत्काल नजदीकी थाने अथवा पुलिस को सूचना दें।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

779850 Articles

Share this story