रायपुर : जरूरतमंद युवाओं काे मिल रहा स्मृति पुस्तकालय योजना का लाभ
-अब तक 8100 से अधिक पुस्तकें की गई दान
रायपुर, 03 मार्च (हि.स.)। जिले में संचालित स्मृति पुस्तकालय योजना के तहत ज्ञान दान की दिशा में जनसहभागिता लगातार बढ़ रही है। इसी क्रम में आज मंगलवार को जिला पंचायत लाइब्रेरियन डॉ. मीनाक्षी वाजपेयी ने इतिहास की पुस्तकें जिला प्रशासन को दान की।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने उनके इस सराहनीय योगदान की प्रशंसा करते हुए प्रमाण पत्र एवं प्रेरक पुस्तक भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रयास से जरूरतमंद एवं प्रतिभावान अभ्यर्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा।
उल्लेखनीय है कि, इस योजना के अंतर्गत अब तक 8100 से अधिक पुस्तकें एवं इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स दान की जा चुकी हैं। जिनका लाभ जिले के अनेक विद्यार्थियों को मिल रहा है। यह अभियान केवल पुस्तक दान तक सीमित नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को संवारने और उनके भविष्य निर्माण का संकल्प है।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे भी इस पुनीत कार्य में सहभागी बनें। पुस्तक अथवा इलेक्ट्रॉनिक गैजेट दान करने हेतु इच्छुक नागरिक फोन के माध्यम से प्रभात सक्सेना 94060 49000 एवं केदार पटेल 94255 02970 पर संपर्क कर सकते हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

