पानी की बोतलें पाकर बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान

WhatsApp Channel Join Now
पानी की बोतलें पाकर बच्चों के चेहरों पर बिखरी मुस्कान


धमतरी, 31 जुलाई (हि.स.)।सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता निभाते हुए यूथ प्रेस वेलफेयर फाउंडेशन ने शुक्रवार को नवीन प्राथमिक शाला गांधी आश्रम, महात्मा गांधी वार्ड में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को पानी की बोतलों का वितरण किया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को उपयोगी सामग्री उपलब्ध कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास बढ़ाना और शिक्षा के प्रति उत्साह का संचार करना रहा। पानी की बोतलें पाकर बच्चों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली।

संस्था के सदस्यों ने कहा कि यूथ प्रेस वेलफेयर फाउंडेशन समय-समय पर शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और समाज सेवा से जुड़े विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों का आयोजन करता है। उनका प्रयास रहता है कि जरूरतमंद बच्चों और लोगों तक आवश्यक सामग्री पहुंचाकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन किया जाए। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे प्रयास भी समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनते हैं और भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियां लगातार जारी रहेंगी।

प्रधान पाठिका कांति साहू ने फाउंडेशन के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं के ऐसे प्रयास बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। विद्यालय परिवार ने भी इस पहल को अनुकरणीय बताते हुए संस्था के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज और शैक्षणिक संस्थानों के बीच इस प्रकार का सहयोग बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम के दौरान रोशन सिन्हा, राम मिलन साहू, शैलेंद्र नाग, राज सोनवानी, हेमलाल साहू, प्रदीप पाड़े, भूपेंद्र सिन्हा, डा भूपेंद्र साहू, भूपेंद्र निर्मलकर, हरेन्द्र कुमार मगेन्द्र, सहायक शिक्षिका मुक्तेश्वरी उइके, सहायक शिक्षक बिनोद बरैया, समन्वयक लोकेश ठाकुर, विद्यालय स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story