अम्बिकापुर : थाने के पीछे किराना दुकान का ताला तोड़ सवा लाख नकदी व सामान पार, व्यापारियों में भारी आक्रोश

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर : थाने के पीछे किराना दुकान का ताला तोड़ सवा लाख नकदी व सामान पार, व्यापारियों में भारी आक्रोश


अम्बिकापुर, 04 अगस्त (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर स्थित पुराने बस स्टैंड में सोमवार देर रात बेखौफ अज्ञात चोरों ने 'श्री श्याम जनरल स्टोर' में धावा बोलकर गल्ले में रखे सवा लाख रुपये नकदी समेत हजारों रुपये का कीमती सामान पार कर दिया। हैरत की बात यह है कि पुलिस थाने के ठीक पीछे और नेशनल हाईवे-43 से सटी इस दुकान में एक महीने के भीतर चोरी की यह दूसरी बड़ी घटना है। वारदात की भनक सुबह तब लगी जब दुकान संचालक सीताराम गोयल और उनके पुत्र मौके पर पहुंचे। दुकान का शटर टूटा हुआ था, प्लाईवुड की अलमारी में सेंध लगाई गई थी और सामान इधर-उधर बिखरा पड़ा था।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारी व नागरिक बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए और नगर में चरमराती कानून-व्यवस्था पर गहरा आक्रोश जताया। व्यापारियों का कहना है कि शहर में दिनदहाड़े उठाईगीरी, चोरी और चेन स्नेचिंग की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे आमजन और व्यापारिक वर्ग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि बीते 5-6 महीनों में हुई कई बड़ी वारदातों में से पुलिस एक का भी खुलासा नहीं कर सकी है। हाल ही में करीब 10 दिन पहले हुई एक करोड़ रुपये के गहनों की दिनदहाड़े उठाईगीरी के मुख्य आरोपित भी अभी तक पुलिस की पकड़ से बाहर हैं, जिसकी जांच के लिए पुलिस टीमें बाहर गई हुई हैं।

व्यापारियों का मानना है कि पुलिस की इसी व्यस्तता और ढिलाई का फायदा उठाकर स्थानीय गिरोह ने इस दुस्साहसिक चोरी को अंजाम दिया है। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मुआयना कर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर पतासाजी शुरू कर दी है, हालांकि पुलिस की इस कार्यप्रणाली से आक्रोशित व्यापारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सुरक्षा बहाल नहीं की गई तो नगर का माहौल अराजक हो जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story