सीतापुर में ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार कारोबारी की मौत, सड़क पर आधे घंटे तक पड़ा रहा शव

WhatsApp Channel Join Now
सीतापुर में ट्रेलर की चपेट में आने से स्कूटी सवार कारोबारी की मौत, सड़क पर आधे घंटे तक पड़ा रहा शव


अंबिकापुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर में नेशनल हाईवे-43 पर शुक्रवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 70 वर्षीय कारोबारी की जान चली गई। अंबिकापुर-रायगढ़ मार्ग पर सेंट्रल बैंक के पास स्कूटी से जा रहे त्रिलोक चंद गोयल ट्रेलर की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और पुलिस को सूचना दी गई।

जानकारी के अनुसार, बीते देर शाम त्रिलोक चंद गोयल अपनी स्कूटी से जा रहे थे। सेंट्रल बैंक के पास उनकी स्कूटी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इसी दौरान वहां से गुजर रहे ट्रेलर के पहिए की चपेट में वे आ गए। हादसा इतना गंभीर था कि उन्हें संभलने का मौका तक नहीं मिला। मृतक सीतापुर में निहारिका स्टोर्स नाम से थोक किराना दुकान का संचालन करते थे।

घटना के बाद शव को अस्पताल पहुंचाने में हुई देरी को लेकर भी लोगों ने नाराजगी जताई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के बाद करीब आधे घंटे तक शव सड़क पर ही पड़ा रहा और मौके पर एंबुलेंस नहीं पहुंच सकी। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने स्ट्रेचर की मदद से शव को करीब 100 मीटर दूर तक पहुंचाया। वहां से ऑटो के जरिए उसे अस्पताल ले जाया गया।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क की बदहाल स्थिति पर भी सवाल उठाए। उनका कहना है कि जिस स्थान पर दुर्घटना हुई, वहां सड़क पहले से ही जर्जर है और बारिश के कारण हालात और खराब हो गए हैं। लोगों ने बताया कि सड़क निर्माण के लिए हादसे से एक दिन पहले ही भूमिपूजन किया गया था। फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769795 Articles

Share this story