अम्बिकापुर : सीतापुर विधायक की अनोखी पहल, टॉपर रूपा यादव को मिली स्कूटी और लैपटॉप
अम्बिकापुर, 10 जुलाई (हि.स.)। सरगुजा जिले के सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर एक नई और बेहद प्रेरणादायक शुरुआत हुई है। विधायक रामकुमार टोप्पो ने क्षेत्र के युवाओं को उच्च शिक्षा के साथ-साथ सरकारी नौकरियों की प्रतियोगी परीक्षाओं में सक्षम बनाने के लिए एक अनूठी पहल की है। उन्होंने सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में 'एमएलए एजुकेशन कोर एकेडमी' की स्थापना की है, जो ग्रामीण और स्थानीय युवाओं के करियर को संवारने में एक मील का पत्थर साबित हो रही है। इसी कड़ी में शुक्रवार को आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान विधायक ने शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावियों का उत्साहवर्धन किया।
सीतापुर विधानसभा क्षेत्र में आयोजित शाला प्रवेश उत्सव इस बार केवल एक औपचारिक सरकारी आयोजन बनकर नहीं रहा, बल्कि यह प्रतिभाओं के सम्मान का एक भव्य मंच बन गया। इस गरिमामयी समारोह में कक्षा 12वीं की परीक्षा में पूरे क्षेत्र में सर्वोच्च स्थान हासिल करने वाली होनहार छात्रा रूपा यादव को विधायक रामकुमार टोप्पो द्वारा विशेष रूप से सम्मानित किया गया। छात्रा की इस शानदार सफलता पर उन्हें विधायक की ओर से एक चमचमाती स्कूटी और आधुनिक लैपटॉप उपहार स्वरूप प्रदान किया गया। इस दौरान उपस्थित छात्र-छात्राओं ने अपनी विभिन्न कलात्मक और बौद्धिक प्रतिभाओं का प्रदर्शन कर समां बांध दिया।
स्कूटी और लैपटॉप की चाबी मिलने के बाद हायर सेकेंडरी स्कूल बतौली की छात्रा रूपा यादव के चेहरे पर खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने विधायक का सहृदय धन्यवाद करते हुए कहा कि इस सम्मान ने उनके हौसलों को नई उड़ान दी है। रूपा ने अपने भविष्य के संकल्प को साझा करते हुए बताया कि उनका सपना एक कलेक्टर बनने का है और इस प्रोत्साहन के बाद उन्होंने आज से ही प्रशासनिक सेवा की तैयारी शुरू कर दी है।
इस अवसर पर युवाओं को संबोधित करते हुए विधायक रामकुमार टोप्पो ने बताया कि 'एमएलए एजुकेशन कोर' की स्थापना के पीछे उनका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के युवाओं को हर प्रतियोगी परीक्षा के लिए तैयार करना है। इस एकेडमी में स्थानीय युवाओं को विभिन्न सरकारी नौकरियों और प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए विशेष कोचिंग और विशेषज्ञ मार्गदर्शन दिया जा रहा है। विधायक ने अत्यंत हर्ष व्यक्त करते हुए साझा किया कि इस एकेडमी की मदद से क्षेत्र के कई युवाओं का चयन पहले ही विभिन्न पदों पर हो चुका है।
शिक्षा के स्तर को और अधिक मजबूत करने के संकल्प को दोहराते हुए विधायक ने एक बड़ी घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में इस एकेडमी का और विस्तार किया जाएगा, जहां क्षेत्र के प्रतिभावान युवाओं को सिविल सर्विसेज (यूपीएससी) की तैयारी के लिए भी विशेष और उच्च स्तरीय कोचिंग की व्यवस्था कराई जाएगी, ताकि क्षेत्र का कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में अपने सपनों से दूर न रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

