गड्ढे में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत, पूरे गांव में पसरा मातम

WhatsApp Channel Join Now


मोहला-मानपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के मोहला-मानपुर जिले में लगातार हो रही बारिश के बीच मानपुर विकासखंड के औंधी गांव में रविवार काे पानी से भरे डबरी नुमा गड्ढे में डूबने से सगे भाई-बहन की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि पानी में डूब रहे 6 वर्षीय छोटे भाई को बचाने के लिए उसकी 12 वर्षीय बहन ने भी पानी में छलांग लगा दी, लेकिन वह भाई को बचा नहीं सकी और खुद भी डूब गई। इस घटना से पूरे गांव में मातम पसर गया है।

औंधी थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर नवल साव ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि, गांव के एक निजी विद्यालय में शिक्षक जीवन तिर्की की करीब 12 वर्षीय बेटी सृष्टि तिर्की और 6 वर्षीय बेटा एलेक्स तिर्की गांव से लगे अपने खेत में खेल रहे थे। इस दौरान दोनों खेत में स्थित डबरी (तालाब) नुमा गड्ढे के पास पहुंच गए। बारिश के चलते गड्ढे में अच्छा-खासा जलभराव था। खेलते-खेलते मासूम एलेक्स तिर्की पानी से लबालब डबरी नुमा गड्ढे में पहुंच गया और पानी में डूबने लगा।

छोटे भाई को डूबता देख बहन सृष्टि भी भाई को बचाने के लिए पानी में उतर गई। लेकिन वह न भाई को बाहर निकाल पाई, न खुद बाहर निकल सकी और दोनों भाई-बहन पानी में डूबकर काल के गाल में समा गए। बताया जा रहा है कि डबरी से कुछ दूर खेत में ही परिवार के अन्य लोग मौजूद थे। लेकिन जब तक वे घटना को जान और समझ पाते, तब तक देर हो चुकी थी।

उल्लेखनीय है कि जिस निजी स्कूल में मृतकों के पिता जीवन तिर्की अध्यापक हैं, उसी स्कूल में सृष्टि तिर्की कक्षा छठवीं में तथा एलेक्स तिर्की कक्षा पहली में अध्ययनरत थे।

थाना प्रभारी के अनुसार, घटना आज शाम करीब 3 से 4 बजे के दरमियान की है। चूंकि इलाके में लगातार बारिश हो रही है, इस लिहाज से दोनों के शवों का पोस्टमार्टम कल यानी 17 अगस्त को ही हो पाएगा। घटना के बाद परिवार में तथा इलाके में माहौल गमगीन हो गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story