श्यामतराई वनोपज मंडी में 19 अक्टूबर को नहीं होगी वनोपज की खरीदी-बिक्री
धमतरी, 18 अक्टूबर (हि.स.)। श्यामतराई वनोपज मंडी में वनोपज एवं अन्य औषधीय उत्पादों का क्रय-विक्रय 19 अक्टूबर को नहीं होगा। इसके स्थान पर बुधवार, 21 अक्टूबर को मंडी में कारोबार किया जाएगा।
उप संचालक कृषि मोनेश साहू ने बताया कि श्यामतराई स्थित वनोपज मंडी में सामान्यतः प्रत्येक सोमवार को वनोपज एवं विभिन्न औषधीय उत्पादों का क्रय-विक्रय किया जाता है। इस सप्ताह अवकाश के कारण निर्धारित दिवस में परिवर्तन किया गया है। अब सोमवार के स्थान पर बुधवार को मंडी में कारोबार होगा।
उल्लेखनीय है कि श्यामतराई की वनोपज मंडी धमतरी की पुरानी व्यापारिक परंपरा और वन आधारित आजीविका का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से वनोपज एवं औषधीय उत्पादों के विक्रय के लिए व्यापारी और संग्रहकर्ता पहुंचते हैं। मंडी के माध्यम से स्थानीय स्तर पर वनोपज के कारोबार को प्रोत्साहन मिलने के साथ ही इससे जुड़े लोगों को अपनी उपज बेचने का अवसर मिलता है। प्रशासन ने संबंधित व्यापारियों, वनोपज संग्रहकर्ताओं और अन्य विक्रेताओं से अपील की है कि वे तिथि में हुए परिवर्तन को ध्यान में रखते हुए बुधवार, 21 अक्टूबर को मंडी पहुंचकर क्रय-विक्रय संबंधी गतिविधियां संपादित करें, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

