रामानुजगंज पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री, 100 बिस्तरीय अस्पताल की लंबित सुविधाएं जल्द होंगी शुरू
बलरामपुर, 07 अगस्त (हि.स.)। सावन के पवित्र महीने में देवघर स्थित बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए जाने वाले कांवरियों की सेवा के लिए रामानुजगंज में हर वर्ष विशेष व्यवस्था की जाती है। इसी क्रम में शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल देवघर जाते समय रामानुजगंज के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मांगलिक भवन पहुंचे। यहां कांवरिया सेवा समिति की ओर से शिवभक्तों के लिए की जा रही भोजन और अन्य निशुल्क सेवाओं का जायजा लिया और सेवा कार्य की सराहना की। इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। उन्होंने मांगलिक भवन में प्रसाद ग्रहण किया।
मीडिया से बातचीत में स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि लगातार 28 वर्षों से सावन में बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक करने का अवसर मिलना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि इस बार भी वे अपने दल के करीब 100 लोगों के साथ सुल्तानगंज के लिए रवाना हुए हैं। उन्होंने कहा कि देवघर जाने वाले कांवरियों के लिए रामानुजगंज छत्तीसगढ़ का अंतिम महत्वपूर्ण पड़ाव है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु रुकते हैं और कांवरिया सेवा समिति द्वारा शिवभक्तों के लिए भोजन सहित अन्य सुविधाओं की अच्छी व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने कहा कि बाबा बैद्यनाथ धाम में जलाभिषेक कर वे पूरे छत्तीसगढ़ की जनता की सुख-समृद्धि की कामना करेंगे।
मीडिया के सवाल पर रामानुजगंज की स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर उन्होंने कहा कि 100 बिस्तरीय अस्पताल में ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस और ब्लड स्टोरेज जैसी सुविधाओं के लिए राशि पहले ही जारी की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि काम पूरा करने की प्रक्रिया चल रही है और आगामी 2 से 4 महीनों में इन सुविधाओं को शुरू करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि आने वाले समय में 100 बिस्तरीय अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि, रामानुजगंज के 100 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इन सुविधाओं की मांग लंबे समय से की जा रही है। स्थानीय विधायक एवं मंत्री रामविचार नेताम के प्रयासों और क्षेत्रवासियों की मांग के बाद मुख्यमंत्री शासकीय अस्पताल रूपांतरण कोष के तहत ऑपरेशन थिएटर, डायलिसिस यूनिट और ब्लड स्टोरेज यूनिट के लिए करीब 1 करोड़ 65 लाख 92 हजार 500 रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति पहले ही जारी हो चुकी है। इसके बावजूद सुविधाएं अब तक पूरी तरह शुरू नहीं हो सकी हैं। ऐसे में स्वास्थ्य मंत्री का नया समयबद्ध आश्वासन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

