श्रीजगन्नाथ मंदिर में 22 नवंबर को होगा शुभ तुलसी विवाह का आयाेजन

WhatsApp Channel Join Now
श्रीजगन्नाथ मंदिर में 22 नवंबर को होगा शुभ तुलसी विवाह का आयाेजन


जगदलपुर, 16 नवंबर (हि.स.)। धार्मिक एवं सामाजिक परंपराओं के निर्वहन की कड़ी में आगामी 22 नवंबर रविवार को श्रीजगन्नाथ मंदिर, जगदलपुर में भगवान शालीग्राम एवं माता तुलसी का विवाह आयोजित किया जाएगा ।

360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज बस्तर संभाग द्वारा आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान को लेकर साेमवार को बैठक आयोजित की गई, जिसमें तुलसी विवाह की तैयारियों, सामाजिक गतिविधियों और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की गई।

360 घर आरण्यक ब्राह्मण समाज, बस्तर संभाग के अध्यक्ष वेदप्रकाश पाण्डे ने बताया कि देवउठनी एकादशी के पूजा विधान के पश्चात 22 नवंबर को शुभ मुहूर्त में भगवान शालीग्राम के साथ माता तुलसी का विवाह संपन्न कराया जाएगा। परंपरानुसार भगवान शालीग्राम की बारात श्रीजगन्नाथ मंदिर, जगदलपुर से निकाली जाएगी, जो रथ परिक्रमा स्थल, गोलबाजार चौक एवं दंतेश्वरी मंदिर चौक से होते हुए पुनः जगन्नाथ मंदिर पहुंचेगी। इसके पश्चात वैदिक रीति-रिवाजों के साथ पाणिग्रहण संस्कार संपन्न होगा। विवाह आयोजन में वर पक्ष की जिम्मेदारी जितेंद्र कुमार पाण्डे एवं उनके परिवार, ग्राम गुरिया तथा वधु पक्ष की जिम्मेदारी अश्वनी पाणिग्राही एवं उनके परिवार, ग्राम सुधापाल द्वारा निभाई जाएगी। समाज ने समस्त श्रद्धालुओं से इस मांगलिक आयोजन में शामिल होकर पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है।

बैठक में समाज की वार्षिक सदस्यता शुल्क के संबंध में भी चर्चा की गई। अध्यक्ष ने बताया कि प्रबंध कार्यकारिणी के माध्यम से समाज के सभी 14 क्षेत्रों के क्षेत्रीय अध्यक्षों को पत्र जारी किया जाएगा। इसके माध्यम से प्रत्येक क्षेत्र के सदस्यों से वार्षिक सदस्यता शुल्क जमा कराने की पहल की जाएगी। साथ ही निर्माणाधीन आरण्यक भवन के लिए समाज के सदस्यों द्वारा संकल्पित राशि जमा कराने का आह्वान भी किया गया। बैठक में गोंचा महापर्व के आयोजन से संबंधित आय-व्यय के लेखा-जोखा पर भी चर्चा हुई। गोंचा महापर्व समिति के सचिव द्वारा एक सप्ताह के भीतर महापर्व की आय और व्यय की संपूर्ण जानकारी प्रस्तुत किए जाने की बात बताई गई।

बैठक में समाज के पूर्व अध्यक्ष ईश्वरनाथ खम्बारी, दिनेश पाणिग्राही, समाज के सचिव देवशंकर पंडा, उपाध्यक्ष जीवेंद्र पाण्डे, विवेक पाण्डे, सुदर्शन पाणिग्राही, बनमाली पाणिग्राही, गजेंद्र पाणिग्राही, नरेंद्र पाणिग्राही, चिंतामणि पाण्डे, मनोज पाणिग्राही, शिवशंकर जोशी, मोहन जोशी, मोहन पाणिग्राही, लुप्तेश्वर पाणिग्राही, चोखेलाल पाणिग्राही, दिलेश्वर पाण्डे, आशु आचार्य, पुरुषोत्तम जोशी, गिरजा पाण्डे सहित समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

778041 Articles

Share this story