जिन योजनाओं में कमियां हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए : महेश कश्यप
जगदलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की आज शुक्रवार काे हुई बैठक में सांसद महेश कश्यप ने कहा कि बस्तर के समग्र विकास पर प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृहमंत्री एवं राज्य सरकार का विशेष फोकस है। बस्तर संभाग का केंद्र बिंदु बस्तर जिला है और यहां होने वाले विकास कार्य पूरे संभाग के लिए प्रेरणा बनेंगे।
उन्होंने कहा कि सभी विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि पूरी ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें, ताकि योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ आम जनता तक पहुंचे। उन्हाेने कहा कि दिशा समिति की समीक्षा बैठक में जिन योजनाओं में कमियां सामने आई हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से ग्रामीण विकास कार्यों में जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
बैठक में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत आजीविका गतिविधियों, रिवॉल्विंग फंड, सामुदायिक निवेश कोष, बैंक लिंकेज, इंटर फाइनेंस, डिजिटल आजीविका, लखपति दीदी योजना, ग्रामीण कौशल योजना के तहत प्रशिक्षण, जैविक खेती एवं जैविक खाद को बढ़ावा देने की प्रगति की समीक्षा की गई। इसके साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), स्वच्छ भारत मिशन, स्वामित्व योजना, राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान, ग्राम पंचायत विकास योजना तथा 16वें वित्त आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार की जा रही कार्ययोजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बाढ़ प्रभावित सड़कों एवं पुल-पुलियों के पुनर्निर्माण, राष्ट्रीय सामाजिक सहायता कार्यक्रम, पीएम स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केंद्रों के संचालन, अस्पतालों में दवाइयों की उपलब्धता, लैब जांच सुविधाओं, एंबुलेंस व्यवस्था तथा वय वंदना योजना की भी समीक्षा की गई। सांसद ने स्वास्थ्य सेवाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश देते हुए कहा कि विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं को सभी शासकीय अस्पतालों में आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं समय पर उपलब्ध कराई जाएं।
इसके अलावा एकीकृत बाल विकास योजना, मिशन वात्सल्य, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, महतारी वंदन योजना, राष्ट्रीय कृषि विकास योजना, मृदा स्वास्थ्य कार्ड, खाद-बीज की उपलब्धता, फसल बीमा योजना, जल संरक्षण एवं प्रबंधन, मध्यान्ह भोजन योजना, सांसद स्थानीय क्षेत्र विकास योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना 2.0, राशन कार्ड, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय राजमार्गों के निर्माण कार्य, हर घर नल-जल योजना तथा खेल गतिविधियों की प्रगति की भी विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में जनप्रतिनिधियों ने भी एजेंडा के संबंध में समस्याओं के संबंध में अपना विचार रखा ।बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप, जिला पंचायत उपाध्यक्ष बलदेव मंडावी, नगर पालिका सभापति खेम सिंह देवांगन, दिशा समिति के सदस्य, कलेक्टर आकाश छिकारा, जिला पंचायत सीईओ प्रतीक जैन, वन मंडलाधिकारी उत्तम गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

