जांजगीर-चांपा में गोलीकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं, युवा कांग्रेस ने सरकार पर उठाए सवाल

WhatsApp Channel Join Now
जांजगीर-चांपा में गोलीकांड के आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं, युवा कांग्रेस ने सरकार पर उठाए सवाल


जांजगीर चांपा, 30 अप्रैल (हि. स.)। भारतीय युवा कांग्रेस के जांजगीर-चांपा इकाई ने बिर्रा क्षेत्र के ग्राम करही में हुए बहुचर्चित गोलीकांड मामले में अब तक आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होने पर गहरी चिंता जताई है। संगठन की ओर से जिला प्रशासन और राज्य सरकार को पत्र भेजकर इस मामले में त्वरित और कठोर कार्रवाई की मांग की गई है।

जिला अध्यक्ष इंजीनियर पंकज शुक्ला द्वारा लिखे गए पत्र में कहा गया है कि घटना को काफी समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अब तक आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है, जो कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। पत्र में यह भी उल्लेख किया गया है कि इस घटना के बाद क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है, जबकि पीड़ित परिवार न्याय के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है।

युवा कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि पुलिस प्रशासन इस गंभीर मामले में अपेक्षित तत्परता और प्रभावशीलता से कार्य नहीं कर रहा है। संगठन के मुताबिक आरोपित खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे आमजन में दहशत का माहौल है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी संदेह उत्पन्न हो रहा है।

पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि गोलीकांड के सभी आरोपितों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए और मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय विशेष जांच टीम का गठन किया जाए। साथ ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर भी कार्रवाई की मांग की गई है।

युवा कांग्रेस ने यह भी कहा है कि पीड़ित परिवार को पर्याप्त सुरक्षा, आर्थिक सहायता और न्यायिक सहयोग तत्काल उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा पूरे मामले की प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक करने की भी मांग की गई है, ताकि पारदर्शिता बनी रहे और लोगों का विश्वास प्रशासन पर कायम रह सके।

यह पत्र 30 अप्रैल 2026 को जांजगीर-चांपा से जारी किया गया है, जिसमें प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप कर पीड़ितों को न्याय दिलाने की अपील की गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story