शिवरीनारायण मेला हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपित समेत एक अपचारी बालक गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
शिवरीनारायण मेला हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपित समेत एक अपचारी बालक गिरफ्तार


जांजगीर-चांपा, 28 फरवरी (हि. स.)। जिले के थाना शिवरीनारायण पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में आज शनिवार को बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे दो आरोपिताें और विधि से संघर्षरत एक अपचारी बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपिताें के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चाकू, खून लगे कपड़े और मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। इस मामले में थाना शिवरीनारायण में अपराध क्रमांक 58/2026 के तहत धारा 103 (1), 61 (2) बीएनएस के अंतर्गत विधिवत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राहुल चौहान निवासी दर्रा, थाना भटगांव, जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के रूप में हुई थी। राहुल चौहान शिवरीनारायण मेला देखने के बाद अपनी मौसी के घर ग्राम धरदेई गया हुआ था। इसी दौरान अज्ञात आरोपिताें ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर उसकी हत्या कर दी और शव को छिपाने की नीयत से पुरेना तालाब में फेंक दिया। घटना की सूचना मिलने पर 11 फरवरी 2026 को थाना शिवरीनारायण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर पंचनामा कार्रवाई करते हुए हत्या का मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप और उप पुलिस अधीक्षक सतरूपा तारम के मार्गदर्शन में थाना शिवरीनारायण पुलिस ने लगातार जांच और मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपित करन कुर्रे (19 वर्ष 6 माह) निवासी भखराभाठा धरदेई और अनिरुद्ध उर्फ अन्नी कुर्रे (21 वर्ष) निवासी भखराभाठा धरदेई तथा एक अपचारी बालक को पकड़ लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपिताें ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर राहुल चौहान पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या करने और शव को पुरेना तालाब में फेंकने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपिताें की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त चाकू, खून से सने कपड़े और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार/लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story