स्कूल के बाद शाम को ऑनलाइन प्रशिक्षण का शिक्षक साझा मंच ने किया विरोध, स्कूल समय में प्रशिक्षण कराने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
स्कूल के बाद शाम को ऑनलाइन प्रशिक्षण का शिक्षक साझा मंच ने किया विरोध, स्कूल समय में प्रशिक्षण कराने की मांग


धमतरी, 03 जुलाई (हि.स.)। माध्यमिक शाला के शिक्षकों के लिए स्कूल अवधि समाप्त होने के बाद शाम छह बजे से शाम साढ़े सात बजे तक ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किए जाने का शिक्षक साझा मंच जिला धमतरी ने विरोध किया है। संगठन ने इसे अव्यावहारिक बताते हुए प्रशिक्षण का आयोजन स्कूल समय एवं कार्य अवधि के दौरान ही कराने की मांग की है।

शिक्षक साझा मंच का कहना है कि जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) नगरी द्वारा नवीन पाठ्यपुस्तकों पर आधारित विषयवार ऑनलाइन प्रशिक्षण चार जुलाई से विभिन्न विषयों के लिए आयोजित करने के निर्देश जारी किए गए हैं। इसमें विकासखंड स्राेत समन्वयक कार्यालयों को स्कूल अवधि के बाद संध्याकालीन समय में प्रशिक्षण संचालित करने कहा गया है। संगठन का कहना है कि प्रदेश के कई विकासखंडों और जिलों में यही प्रशिक्षण स्कूल समय के दौरान कराया जा रहा है, जबकि केवल धमतरी जिले में इसे स्कूल के बाद आयोजित किया जा रहा है, जिससे शिक्षकों में असंतोष है।

संगठन के अनुसार शिक्षकों को विद्यालयीन दायित्वों के बाद पारिवारिक, सामाजिक और व्यक्तिगत जिम्मेदारियों का भी निर्वहन करना पड़ता है। ऐसे में शाम के समय डेढ़ घंटे का ऑनलाइन प्रशिक्षण उनकी दिनचर्या को प्रभावित करेगा। शिक्षक साझा मंच ने मांग की है कि सभी जिलों में एक समान व्यवस्था लागू करते हुए प्रशिक्षण स्कूल संचालन अवधि के भीतर ही आयोजित किया जाए। इस मांग का समर्थन जिला संचालक डॉ. भूषण लाल चंद्राकर, अमित महोबे, दिनेश पांडे, दौलत राम ध्रुव तथा ब्लॉक संचालक गेवाराम नेताम, वरुण साहू, तेजलाल साहू, चेतन लाल साहू सहित सभी ब्लॉक पदाधिकारियों ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story