बलरामपुर : महिला समूहों के स्वरोजगार का जायजा लेने गांव पहुंचे जिला पंचायत सीईओ

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : महिला समूहों के स्वरोजगार का जायजा लेने गांव पहुंचे जिला पंचायत सीईओ


बलरामपुर, 23 जुलाई (हि.स.)।राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत स्वयं सहायता समूहों की आजीविका गतिविधियों को मजबूत करने के लिए आज गुरुवार जिला पंचायत सीईओ डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने वाड्रफनगर जनपद के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने समूहों के व्यवसायों का निरीक्षण कर आय बढ़ाने और बाजार से बेहतर जुड़ाव के संबंध में मार्गदर्शन दिया।

भ्रमण के दौरान उन्होंने ग्राम अलका में संस्कार महिला स्वयं सहायता समूह द्वारा संचालित तेल मिल का निरीक्षण किया। यहां कच्चे माल की उपलब्धता, उत्पादन क्षमता और आय-व्यय की जानकारी ली। साथ ही समूह को उत्पादित तेल की बेहतर मार्केटिंग, फॉरवर्ड लिंकेज विकसित करने और सप्लाई चेन मजबूत करने के सुझाव दिए।

इसके बाद ग्राम मानपुर में एकता महिला स्वयं सहायता समूह की सदस्य ललिता द्वारा समूह से मिले ऋण से संचालित किराना दुकान का निरीक्षण किया। उन्होंने दुकान की बिक्री, स्टॉक प्रबंधन और आय की जानकारी लेते हुए व्यवसाय का विस्तार, उत्पादों में विविधता लाने और ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

डॉ. आशुतोष चतुर्वेदी ने कहा कि राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। इसके लिए स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को स्थानीय बाजार तक सीमित न रखकर बड़े बाजारों और आधुनिक व्यावसायिक नेटवर्क से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि महिलाओं की आय और आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story