बिना कोचिंग के शौर्य का कमाल, पीईटी में 105वीं रैंक हासिल

WhatsApp Channel Join Now
बिना कोचिंग के शौर्य का कमाल, पीईटी में 105वीं रैंक हासिल


धमतरी, 14 जून (हि.स.)। नगर निगम धमतरी अंतर्गत जोधपुर वार्ड के होनहार छात्र शौर्य सिंह ने बिना किसी कोचिंग के केवल मोबाइल और इंटरनेट मीडिया के सहारे पढ़ाई कर प्री इंजीनियरिंग टेस्ट (पीईटी) प्रवेश परीक्षा में 105 वीं रैंक हासिल की है। उनकी इस सफलता से परिवार में खुशी का माहौल है। वे युवा विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा बनकर उभरे हैं।

शौर्य सिंह ने बताया कि पीईटी परीक्षा का आयोजन 14 मई को हुआ था, जिसका परिणाम शुक्रवार रात घोषित किया गया। इस परीक्षा में राज्यभर से 9326 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। कठिन प्रतिस्पर्धा के बीच उन्होंने 105 वीं रैंक प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि वे शीर्ष 10 में स्थान बनाने से मात्र 15 अंक से चूक गए। शौर्य ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता और परिवार के सदस्यों को दिया है। उन्होंने बताया कि उनकी माता शिक्षिका और पिता अधिवक्ता हैं। पढ़ाई के दौरान परिवार का पूरा सहयोग और प्रोत्साहन उन्हें मिलता रहा। उन्होंने सेंट मेरी स्कूल से पढ़ाई की है और 12वीं बोर्ड परीक्षा में 88.4 प्रतिशत अंक प्राप्त किए थे। शौर्य ने बताया कि वे आगे इंजीनियरिंग की पढ़ाई करेंगे। उनकी इस सफलता पर परिवार के सदस्यों, स्थानीय लोगों और जोधपुर वार्ड के पार्षद विशु देवांगन ने उनके निवास पहुंचकर शुभकामनाएं दी और मिठाई खिलाकर उनका उत्साहवर्धन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story