कोरबा : बाँकी मोंगरा के टायर गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा : बाँकी मोंगरा के टायर गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान


कोरबा : बाँकी मोंगरा के टायर गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान


कोरबा : बाँकी मोंगरा के टायर गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान


कोरबा, 12 अप्रैल (हि. स.)। जिले के बाँकी मोंगरा थाना क्षेत्र में रविवार दोपहर एक टायर गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। यह घटना सुतर्रा–कटघोरा मुख्य मार्ग पर तरुण पियूष दुकान के सामने स्थित गोदाम में हुई। आग इतनी विकराल थी कि दूर-दूर तक काले धुएं का घना गुबार और ऊंची लपटें साफ दिखाई दे रही थीं, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम के सामने लगे ट्रांसफार्मर से अचानक चिंगारी निकली, जो सीधे गोदाम में रखे टायरों तक पहुंच गई। टायर ज्वलनशील होने के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरा गोदाम उसकी चपेट में आ गया। आग लगने के साथ ही क्षेत्र की बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी शुरुआती स्तर पर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन टायरों में लगी आग तेजी से फैलती गई, जिससे स्थिति पर नियंत्रण पाना कठिन हो गया। आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पास खड़ा एक ट्रेलर वाहन भी इसकी चपेट में आने वाला था, लेकिन स्थानीय लोगों की सूझबूझ से उसे समय रहते सुरक्षित हटा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

आगजनी के कारण मुख्य मार्ग पर यातायात भी प्रभावित हुआ और सड़क के दोनों ओर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए भीड़ को नियंत्रित किया। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पाया।

इस भीषण आगजनी में गोदाम में रखा लाखों रुपये का टायर और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि संबंधित ट्रांसफार्मर की स्थिति पहले से ही खराब थी और उस पर अत्यधिक लोड था। लोगों का आरोप है कि शॉर्ट सर्किट के कारण ही यह हादसा हुआ। घटना के बाद क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग से जर्जर ट्रांसफार्मरों को जल्द बदलने और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story