धमतरी : दिन ढलते ही पड़ रही कड़ाके की ठंड, लोग परेशान

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : दिन ढलते ही पड़ रही कड़ाके की ठंड, लोग परेशान


-पड़ रहा शीतलहर का असर, मार्निंग वाक करने वालों की संख्या भी घटी

धमतरी, 07 जनवरी (हि.स.)। जिले में इन दिनों शीतलहर चल रही है, जिससे जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कड़ाके की ठंड के चलते गर्म कपड़ों की दुकान में रौनक है। बुधवार को न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रहा। जनवरी महीने के पहले पखवाड़े में भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। ठिठुरन बढ़ने से इसका सीधा असर लोगों के जनजीवन पर पड़ा है। दिनों दिन बढ़ती ठंड को देखते हुए नगर निगम ने शहर के अलग-अलग स्थान पर अलाव की व्यवस्था की है इससे लोगों को काफी हद तक राहत मिली है।

पखवाड़े भर से धमतरी जिला सहित पूरा छत्तीसगढ़ ठिठुर रहा है। तापमान में तेजी से गिरावट आई है। पारा सामान्य से नीचे चला गया है। नतीजन लोगों को शीतलहर का अहसास होने लगा है। छत्तीसगढ़ में उत्तर भारत से आ रही बर्फीली हवाओं का व्यापक असर तापमान पर पड़ रहा है। पारा सामान्य से नीचे चला गया है। धमतरी जिले में भी ऐसी ही स्थिति है। पारा नीचे गिरने से लोगों को जबरदस्त ठंड का अहसास हो रहा है।

ठंड से राहत पाने लोग गर्म कपड़ों व अलाव का सहारा ले रहे हैं। नगर निगम द्वारा भी हर साल की तरह इस साल भी नया बस स्टैण्ड, मकई चौक, जिला अस्पताल सहित कुछ अन्य स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था की है, ताकि लोगों को ठंड से राहत दिलाई जा सके।

बेघरों और जानवरों को ठंड से भारी परेशानी:

ठंड बढ़ने के साथ ही सेहत पर भी खतरा मंडराते रहता है। एक ओर जहां लोग घरों के भीतर गर्म कपड़े में ठंड झेल नहीं पा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर कुछ ऐसे लोग भी है जो इस भीषण ठंड में खुले आसमान के नीचे सोने मजबूर है। कई लोग आज भी बेघर बेसहारा हैं, जो दिन भर जैसे तैसे बीता कर रात में किसी दुकान के सामने सो जाते हैं। वहीं पशुओं के लिए भी ठंड का मौसम पीड़ादायक है। पशु भी ठंड से ठिठुरने मजबूर हैं।

शहर में जगह-जगह जलाए गए अलाव

कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगर निगम ने शहरवासियों को राहत देने के लिए जगह-जगह अलाव जलाने की व्यवस्था की है। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों जैसे बस स्टैंड, जिला अस्पताल परिसर, मकई चौक में अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। यह कदम ठंड से जूझ रहे लोगों, विशेषकर गरीब और जरूरतमंद वर्ग के लिए बड़ी राहत साबित हो रहा है। इधर, निगम आयुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया है कि अलाव जलाने के लिए पर्याप्त मात्रा में लकड़ियां उपलब्ध कराई जाएं और उनकी नियमित निगरानी की जाए। सुबह और रात के समय ठंड अधिक होने के कारण इस दौरान अलाव जलाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया है।

बिगड़ रही सेहतः

ठंड बढ़ने के साथ ही सेहत बिगडने की शिकायत भी बढ़ गई है। लोग सर्दी, खांसी, जुकाम, बुखार आदि बीमारियों से पीडित हो रहे हैं। वहीं सबसे ज्यादा सेहत पर विपरीत प्रभाव छोटे बच्चों पर पड़ रहा है। अस्पतालों में मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या काफी बढ़ गई है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story