सात साल का मासूम नाले में गिरा, पाइप में फंसे होने की आशंका

WhatsApp Channel Join Now
सात साल का मासूम नाले में गिरा, पाइप में फंसे होने की आशंका


सात साल का मासूम नाले में गिरा, पाइप में फंसे होने की आशंका


सात साल का मासूम नाले में गिरा, पाइप में फंसे होने की आशंका


धमतरी, 28 सितंबर (हि.स.)। भारी बारिश के चलते शहर के कई नाले और रपटे उफान पर हैं। इसी बीच भर्रीपारा-सोरिद वार्ड में रविवार शाम खेलते समय सात वर्षीय बालक नाले में गिर गया और इसके बाद से लापता है। घटना की सूचना मिलते ही स्वजन और वार्डवासी उसकी तलाश में जुट गए। पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और खोजबीन शुरू की, लेकिन देर शाम तक बालक का पता नहीं चल सका।आज सुबह भी बच्चे का पता नहीं चल पाया है।

स्वजन और वार्डवासियों ने आशंका जताई कि तेज बहाव में बहकर बालक नाले में लगे पाइप के अंदर फंस गया होगा। उन्होंने पाइप तोड़कर तत्काल तलाशी अभियान चलाने की मांग की। कार्रवाई में देरी से नाराज वार्डवासियों ने रात में मुख्य सड़क पर सड़क जाम कर दिया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और मौके पर माहौल गरमा गया।

वार्डवासियों से मिली जानकारी के अनुसार 27 सितंबर की शाम करीब साढ़े पांच बजे भर्रीपारा-सोरिद वार्ड निवासी सात वर्षीय लक्ष्य साहू, पिता गौतम साहू, अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान पैर फिसलने से वह नाले में जा गिरा। बालक के नाले में गिरने की खबर मिलते ही स्वजन और वार्डवासी मौके पर पहुंचे तथा उसकी तलाश शुरू कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण देर शाम खोज अभियान रोकना पड़ा। इस बीच स्वजन और वार्डवासियों ने नाले में लगे पाइप के अंदर बालक के फंसे होने की आशंका जताते हुए पाइप तोड़कर तलाश करने की मांग की। उनका कहना है कि यदि बालक पाइप के अंदर फंसा है तो तत्काल पाइप तोड़कर रेस्क्यू अभियान चलाने से उसकी तलाश की जा सकती है। कार्रवाई नहीं होने से नाराज वार्डवासी सड़क पर उतर आए और चक्काजाम कर दिया। रात करीब साढ़े आठ बजे तक वार्डवासी अधिकारियों के पहुंचने और तत्काल रेस्क्यू शुरू होने का इंतजार करते रहे।

सड़क पर चक्काजाम के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। वार्डवासियों की मांग है कि लापता बालक की सकुशल तलाश के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया जाए। घटना के बाद से बालक के स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। सुबह भी बच्चे का पता नहीं चल पाया है। निगम की टीम लगातार खोजबीन में लगी हुई है

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story